1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. एकदम नया नाश्ता, खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

एकदम नया नाश्ता, खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Mar 06, 2026 10:03 am IST,  Updated : Mar 06, 2026 10:03 am IST

New Breakfast Recipe: नाश्ते में कुछ नया और चटपटा खाने का मन है तो एक बार ब्रेड और हरी मटर से बनी ये रेसिपी जरूर ट्राई करें। इस नाश्ते को खाते खाते आपका मन नहीं भरेगा। खास बात ये है कि इसे बनाना बेहद आसान है। नोट कर लें रेसिपी।

ब्रेड और मटर की टिक्की रेसिपी- India TV Hindi
ब्रेड और मटर की टिक्की रेसिपी Image Source : INDIA TV

रोज एक जैसा नाश्ता खाते खाते अगर आप बोर हो गए हैं और कोई मजेदार रेसिपी खोज रहे हैं तो आपके लिए ब्रेड और हरी मटर से तैयार ये नाश्ता अच्छा ऑप्शन है। आप सिर्फ 15 मिनट में इस नाश्ते को रेडी कर सकते हैं। खाने में ये नाश्ता बड़ा टेस्टी लगता है। बच्चों को भी ये खूब पसंद आएगा। घर आए मेहमानों को कुछ अच्छा खिलाना है तो आप ब्रेड से ये नाश्ता बनाकर तैयार कर सकते है। बिना देरी किए फटाफट नोट कर लें इस नए नाश्ते की रेसिपी।

ब्रेड और मटर से बनाएं नाश्ता (ब्रेड मटर बॉल रेसिपी)

पहला स्टेप- नाश्ता बनाने के लिए आप 5-6 सफेद ब्रेड लेनी है। ब्रेड को तोड़कर बारीक कर लें। अब इसमें 2 चम्मच दही, काली मिर्च और काला नमक डालें। आपको इसे आटे की तरह गूंथकर डो बनाना है। अब आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।

दूसरा स्टेप- अब इसके लिए स्टफिंग तैयार कर लें। इसके लिए एक पैन में 1-2 चम्मच तेल डालें। तेल में जीरा, साबुत धनिया, 7-8 कली लहसुन और आधा इंच अदरक का टुकड़ा डाल दें। इसमें 3-4 हरी मिर्च और 1 कटोरी मटर के दाने डाल दें। मटर को सौते करें और इसमें थोड़ी हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, नमक और हरा धनिया डालें। सारी चीजों को हल्का फ्राई करके गैस बंद कर दें।

तीसरा स्टेप- अब ठंडा होने पर मटर वाले मसाले को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। खट्टे स्वाद के लिए इसमें नींबू का रस डाल दें। अब तैयार किए गए ब्रेड के आटे से रोटी जैसी लोई बना लें और हल्का बड़ा करके 1 चम्मच मटर वाली चटनी को भरकर गोल कर लें। सारी ब्रेड की लोई इसी तरह तैयार कर लें। 

चौथा स्टेप- पैन में 2-3 चम्मच तेल डालें और तैयार की गई ब्रेड बॉल्स को पैन में डालकर सिंकने दें। हल्का हिलाते हुए और चलाते हुए बॉल्स को फ्राई करें और उसमें थोड़ा राई, करी पत्ता, एक चुटकी हल्दी और एक चुटकी नमक डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करें।

अब इसे हरी चटनी, सॉस या इमली की खट्टी चटनी के साथ इंजॉय करें। इस नाश्ते की खास बात ये है कि ठंडा होने पर भी ये टेस्टी लगता है। बच्चों को टिफिन में ये नाश्ता दे सकते हैं। घर आए मेहमानों को ये नाश्ता बनाकर खिला सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल