1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. How to Make Rajas Ki Kadhi: राजस की कढ़ी कैसे बनाते हैं, जानिए इसमें क्या क्या डाला जाता है, शेफ संजीव कपूर ने बताई रेसिपी

How to Make Rajas Ki Kadhi: राजस की कढ़ी कैसे बनाते हैं, जानिए इसमें क्या क्या डाला जाता है, शेफ संजीव कपूर ने बताई रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 28, 2026 11:15 am IST,  Updated : May 28, 2026 05:26 pm IST

How to Make Rajas Ki Kadhi: कढ़ी तो आपने कई तरह से बनाकर खाई होगी, लेकिन एक बार राजस की कढ़ी बनाकर खाएं। मध्य प्रदेश में शादी से लेकर बड़े फंक्शन में इसे बनाया जाता है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

राजस की कढ़ी रेसिपी- India TV Hindi
राजस की कढ़ी रेसिपी Image Source : INDIA TV

How to Make Rajas Ki Kadhi: खाने में कढ़ी के स्वाद को शायद ही कोई सब्जी बीट कर पाए। एकदम देसी और इंडियन फ्लेवर वाली कढ़ी आज भी लोगों को खूब पसंद आती है। कढ़ी को कई तरह से बनाया जाता है। लेकिन ज्यादातर घरों में पकौड़े वाली कढ़ी बनती है। लेकिन मध्य प्रदेश में राजस की कढ़ी बनती है। इसे बिना पकौड़े के बनाया जाता है। इस कढ़ी का स्वाद नॉर्मल कढ़ी से काफी अलग होता है। शेफ संजीव कपूर ने भी मध्य प्रदेश की फेमस राजस की कढ़ी की रेसिपी शेयर की है। जानिए राजस की कढ़ी कैसे बनाते हैं और इसमें क्या-क्या डाला जाता है?

राजस की कढ़ी की रेसिपी

पहला स्टेप- कढ़ी बनाने के लिए 1 कप बेसन में 1 छोटी चम्मच जीरा डाल दें। इसमें नमक, हल्दी और 2 चम्मच अदरक हरी मिर्च का पेस्ट डाल दें। सारी चीजों को बेसन में मिक्स करने के बाद ढाई कप पानी डाल दें और इसका घोल बनाकर तैयार कर लें। तैयार घोल को एक नॉन स्टिक पैन में डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं। जब घोल गाढ़ा और चिपचिपा सा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे किसी घी लगी प्लेट में निकाल लें। इसे चम्मच की मदद से सेट करके फैला दें और आधा घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। जब बेसन जम जाए तो इसके बर्फी जैसे पीस काट लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें बेसन की बर्फी जो तैयार की हैं उन्हें सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। 

दूसरा स्टेप- अब एक कप दही में आधा चम्मच हल्दी पाउडर, थोड़ा नमक और 3 चम्मच बेसन डालें। सारी चीजों को अच्छी तरह से घोल लें। आप चाहें तो दही को पहले ही फेंट लें और फिर इसमें बेसन मिक्स करें। अब 3-4 कप पानी डालकर एक घोल तैयार कर लें। कड़ाही में 2-3 चम्मच तेल डालें और उसमें 1 चम्मच जीरा, आधा चम्मच मेथी दाना, एक चौथाई चम्मच हींग, 2 बारीक कटी हरी मिर्च डालें। 1 चम्मक कद्दूकस की गई अदरक डालें। हल्का भूनने के बाद इसमें तैयार किया गया बेसन का घोल डाल दें। लगातार चलाते हुए 10 मिनट के लिए इसे मीडियम फ्लेम पर पकाएं। अब इसमें एक चौथाई चम्मच पिसी लाल मिर्च डाल दें।

तीसरा स्टेप- जब कढ़ी को उबलते हुए करीब 15 मिनट हो जाएं तो इसमें तैयार की गई बेसन वाली फ्राई की गई बर्फी जैसे टुकड़े डाल दें। अब कढ़ी को लगातार चलाते हुए कुछ देर और पकाएं। जब कढ़ी की खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। तैयार है स्वादिष्ट राजस की कढ़ी। इसका स्वाद ही अलग होता है। आप एक बार इस तरह कढ़ी बनाकर जरूर खाएं। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गर्मागरम कढ़ी सर्व करें। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल