1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. फीकी शकरकंद भी मीठी लगेगी, इस तरह भूनकर खाएंगे तो कई गुना बढ़ जाएगा स्वाद, जान लें ये सीक्रेट तरीका

फीकी शकरकंद भी मीठी लगेगी, इस तरह भूनकर खाएंगे तो कई गुना बढ़ जाएगा स्वाद, जान लें ये सीक्रेट तरीका

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jan 13, 2026 07:44 am IST,  Updated : Jan 13, 2026 07:44 am IST

Shakarkand Kaise Khaye: शकरकंद को भूनकर और उबालकर खाते हैं। लेकिन कई बार इसका स्वाद फीका निकल जाता है, जो खाने में टेस्टी नहीं लगती है। लेकिन इस तरह खाएंगे शकरकंद तो स्वाद में एकदम मीठी लगेगी।

शकरकंद कैसे खाएं- India TV Hindi
शकरकंद कैसे खाएं Image Source : INDIA TV

सर्दियों में शकरकंद का सीजन होता है इसलिए रोजाना जरूर खाएं। विटामिन ए और फाइबर से भरपूर शकरकंद सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है। बच्चों की डाइट में किसी भी तरह शकरकंद जरूर शामिल करनी चाहिए। शकरकंद को भूनकर और उबालकर खाते हैं। कुछ लोग उबालने के बाद इन्हें फ्राई करे लेते हैं। लेकिन अगर शकरकंद का स्वाद फीका है तो इसका टेस्ट मजेदार नहीं लगता है। कई बार शकरकंद फीकी निकल आती हैं। इसके लिए हम आपको एक सीक्रेट तरीका बता रहे हैं जिससे शकरकंद का स्वाद और मिठास दोनों बढ़ जाएगी। इस तरह खाएंगे तो फीकी शकरकंद भी खाने में मीठी लगेगी। जान लें ये शकरकंद खाने का ये खास तरीका।

ऐसे खाएंगे तो फीकी शकरकंद भी मीठी लगेगी

पहला तरीका- उबली हुई शकरकंद का स्वाद ज्यादा फीका लगता है। शकरकंद की सारी मिठास पानी के साथ निकल जाती है। इसलिए जब भी शकरकंद को उबालें तो इसे पानी के साथ नहीं बल्कि दूसरे तरीके से उबालना चाहिए। इसके लिए कुकर में धुली हुई शकरकंद डालें और ऊपर से एक मोटी और गीली तौलिया कुकर में रख दें। तौलिया से शकरकंद को कवर कर दें और अब एकदम धीमी आंच पर शकरकंद को पकाएं। पानी न होने की वजह से शकरकंद उबालते वक्त कुकर से सीटी नहीं आएगी। सिर्फ भाप में शकरकंद पक जाएंगी। करीब 15-20 मिनट में शकरकंद उबलकर तैयार हो जाएंगी। ये कहीं ज्यादा मीठी लगेंगी।

दूसरा तरीका- अगर आप नॉर्मल आलू की तरह ही शकरकंद को पानी में उबाल रहे हैं तो इसे थोड़ा कम गलाएं। जैसे अगर शकरकंद 3 सीटी लगाने पर पकती हैं तो इनमें 2 सीटी ही लगाएं। अब कुकर खुलने पर शकरकंद को निकाल लें। एक भारी तली का तवा गर्म करें और उस पर उबली हुई शकरकंद रखकर सेंक लें। शकरकंद को पलटते हुए सेंकना है जिससे शकरकंद का सारी पानी सूख जाएगा। इस तरह शकरकंद में भुना हुआ स्वाद आएगा और ये ज्यादा मीठी लगेंगी।

तीसरा तरीका- शकरकंद को भूनकर खाने पर इसकी मिठास कई गुना बढ़ जाती है। कोयला या चूल्हे की आग में भुनी शकरकंद का स्वाद ही अलग होता है। आप चाहें तो इन्हें किसी भारी तवा पर या कड़ाही में भी भून सकते हैं। शकरकंद को धोकर तवे पर रख दें और ऊपर से किसी प्लेट या बर्तन से कवर कर दें, जिससे भाप बाहर न निकल पाए। गैस एकदम धीमी कर दें और शकरकंद को पलटते हुए भून लें। इस तरह भुनी शकरकंद बहुत मीठी और स्वाद लगती हैं।

चौथा तरीका- अगर शकरकंद बहुत ज्यादा फीकी हैं तो इन्हें आप गुड़ से खा सकते हैं। अगर आप कोई चाट बना रहे हैं और उसमें शकरकंद का मीठा स्वाद आना चाहिए, तो इसमें 1 चम्मच पिसी चीनी या बूरा मिला सकते हैं। शकरकंद के ऊपर बूरा डालकर ऐसे ही खा सकते हैं। इससे फीकी से फीकी शकरकंद का स्वाद भी कई गुना बढ़ जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल