1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. सैर-सपाटा
  4. उदयपुर में जिसे देखो सिटी पैलेस और पिछोला झील चला जाता है, इस हिडेन प्लेस पर जाकर देखो, लगेगा स्कॉटलैंड में हैं

उदयपुर में जिसे देखो सिटी पैलेस और पिछोला झील चला जाता है, इस हिडेन प्लेस पर जाकर देखो, लगेगा स्कॉटलैंड में हैं

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jan 06, 2026 02:32 pm IST,  Updated : Jan 06, 2026 02:32 pm IST

Hidden Gems In Udaipur Rayta Hills: ​अगर आपको लॉन्ग ड्राइव और पहाड़ों के घुमावदार रास्ते पसंद हैं, तो उदयपुर के नजदीक ये जगह आपके लिए जन्नत है। यहां की हरियाली आपको स्कॉटलैंड की याद दिला देगी।

रायता हिल्स, उदयपुर- India TV Hindi
रायता हिल्स, उदयपुर Image Source : INDIA TV

झीलों का शहर उदयपुर घूमने वालों की लिस्ट में जरूर शामिल होता है। घुमक्कड़ी करने वालों को राजस्थान के उदयपुर में खूबसूरत झीलें और उसमें बोटिंग करना खूब पसंद आता है। उदयपुर अपने ऐतिहासिक महलों के लिए भी जाना जाता है। लेकिन उदयपुर के पास भी कुछ ऐसी जगह हैं जो दिखने में बेहद खूबसूरत हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं उदयपुर की रायता हिल्स की, जहां से अरावली की सुंदर चोटियां दिखती हैं। अगर आप उदयपुर जा रहे हैं तो एक बार रायता हिल्स जरूर जाएं। इन पहाड़ियों को देखकर आपका मन रोमांचित हो उठेगा।

उदयपुर की रायता हिल्स

उदयपुर शहर से रायता हिल्स की दूरी करीब 16 किलोमीटर है। बारिश के दिनों में यहां की पहाड़ियां हरियाली की चादर से ढक जाती हैं। रायता हिल्स की पहाड़ियों को देखकर आपको ऐसा लगेगा जैसे आप स्कॉटलैंड की वादियों में सैर कर रहे हैं। बारिश के दिनों में ये पहाड़ियां पर्यटकों को स्वर्ग का अहसास दिलाती हैं। चारों ओर छोटे-छोटे पहाड़ और उसके बीच से गुजरने वाले घुमावदार रास्ते बेहद हसीन लगते हैं। ये खूबसूरत जगह अरावली की पहाड़ियों में बसी है। मानसून में यहां से छोटे-छोटे पानी के झरने गुजरते हैं। अगर आप किसी को जगह का नाम न बताएं तो ये कश्मीर और लोनावाला जैसा फील देगी।

मानसून में रायता हिल्स
Image Source : PINTERESTमानसून में रायता हिल्स

सर्दियों में रायता हिल्स

सर्दियों में भी रायता हिल्स काफी खूबसूरत लगती हैं। सनसेट के समय और फोटोग्राफी के लिए ये बेहतरीन प्लेस है। रास्ते में छोटी बस्तियां और अरावली की सुंदर चोटियां दिखती हैं। खास बात ये है कि आप इन पहाड़ियों पर आसानी से चढ़कर जा सकते हैं। गुनगुनी धूप और भूरे रंग की पहाड़ियों पर आप सुकून के पल बिता सकते हैं। भले ही यहां की सड़कें थोड़ी संकरी हैं लेकिन अद्भुद नजारे आपको मोहित कर देंगे।

रायता हिल्स, उदयपुर
Image Source : INDIA TVरायता हिल्स, उदयपुर

फोटो शूट के लिए परफेक्ट है रायता हिल्स

इन दिनों रायता हिल्स युवाओं के बीच काफी फेमस हो रहा है। खासतौर से अगर आप फोटोग्राफी और वीडियो शूट करने के शौकीन हैं तो रायता हिल्स जा सकते हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग प्री-वेडिंग शूट, म्यूजिक वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए आते हैं। आसपास के लोग अक्सर यहां पिकनिक मनाने आते हैं। अब रायता हिल्स उदयपुर घूमने आने वाले पर्यटकों के बीच भी पॉपुलर हो रहा है।

सर्दियों में रायता हिल्स
Image Source : INDIA TVसर्दियों में रायता हिल्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Travel से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल