1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर चोरी की कोशिश, चंदन का पेड़ काटा गया, पुलिस ने शुरू की जांच

मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर चोरी की कोशिश, चंदन का पेड़ काटा गया, पुलिस ने शुरू की जांच

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Dec 04, 2025 11:16 pm IST,  Updated : Dec 04, 2025 11:40 pm IST

मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी की कोशिश करने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। विधानसभा के आसपास हाई लेवल सिक्योरिटी है। इसके बावजूद चोरी की कोशिश ने विधानसभा की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Madhya pradesh assembly theft case- India TV Hindi
मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में चोरी की कोशिश। (फाइल फोटो) Image Source : ANI

मध्य प्रदेश विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र के बीच हाई सिक्योरिटी जोन से चंदन के पेड़ों की चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना के सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हो गए हैं। हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती और 24 घंटे निगरानी के दावों के बावजूद विधानसभा परिसर में चोरी की कोशिश की यह वारदात चौंकाने वाली है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने कानून व्यवस्था को लेकर फिर सरकार पर फिर से सवाल उठाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, गुरुवार की सुबह अधिकारी और कर्मचारी जैसे ही विधानसभा परिसर में पहुंचे, तो पार्किंग क्षेत्र के पास लगे चंदन के पेड़ों में से एक पेड़ पूरी तरह कटा हुआ मिला। दो और पेड़ों पर आरी चलाने के स्पष्ट निशान थे। अंदेशा है कि चोर बुधवार देर रात पेड़ काटकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पूरी तरह लकड़ी निकालने में असफल रहे। वारदात की सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा बनाया गया और पूरे परिसर की सुरक्षा जांच शुरू की गई। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अंदर और बाहर के सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

भाजपा और कांग्रेस ने क्या कहा?

मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने इस घटना को लेकर कहा कि "मामले की पूरी जांच कराई जाएगी आप निश्चिंत रहें चोरों को दंड दिया जाएगा उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।" वहीं, कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम ने सरकार को कटघरे में रखते हुए कहा कि "औद्योगिक विकास के नाम पर लाखों पेड़ों को काटा जा रहा है। चंदन का पेड़ काटा है इसका मतलब सरकार असफल है। पेड़ों को बचाने में लगाने की बात तो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्ल्ड रिकॉर्ड में हमें दिखाते थे।"

पुलिस ने क्या बताया?

विधानसभा परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी की कोशिश की घटना के सामने आने पर पुलिस का बयान भी सामने आया है। ACP मनीष भारद्वाज ने कहा- "विधानसभा से सूचना मिली थी एक पेड़ कटा हुआ वहां पर मिला है। हमने स्थल निरीक्षण किया है एक टीम का गठन किया है ताकि जांच की जा सके। अंदर और बाहर की सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम बनाई गई है। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का हम परीक्षण कर रहे हैं।"

ये भी पढ़ें- कारण बताओ नोटिस मिलते ही नायब तहसीलदार ICU में भर्ती, किसान की बेटी को थप्पड़ मारने का है आरोप

स्कूटी लेकर पैदल जा रहा था शख्स, अचानक गिरा और हो गई मौत; सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।