मध्य प्रदेश के रीवा जिले में त्योंथर तहसील स्थित चाकघाट से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां पर स्थित सीएम राइज स्कूल में बच्चो को मिड डे मील के नाम पर घटिया भोजन परोसा गया जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया मे बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मे साफ तौर से देखा जा सकता है कि जिस बर्तन में बच्चों को परोसा जाने वाला भोजन है, उसमें दाल और सब्जी कम पानी की मात्रा काफी ज्यादा है। वायरल वीडियो देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि सीएम राइज स्कूल में मिड मिल के नाम पर भी जमकर धांधली की जा रही है जिसमें बच्चों को पौष्टिक आहार तो दूर, उल्टा मौत के मुंह मे ढकेला जा रहा हैं।
दाल में दाल नहीं, सब्जी में आलू नहीं
दरअसल, गुरुवार को सोशल मीडिया मे एक वीडियो बड़ी तेजी के साथ वायरल हुआ. वायरल वीडियो की जब पड़ताल की गई तो वह वीडियो त्योंथर तहसील के चाकघाट स्थित सीएम राइज स्कूल का निकला। वहां पर खड़े किसी शख्स ने बच्चों को खाना परोसने का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे मे कैद कर लिया। दाल और सब्जी के डिब्बे को खोलते ही उसमें पानी ही पानी दिखाई दिया जबकि चावल अधपका था। खाना परोस रही महिला से दाल और सब्जी का पानी निकलवाकर अलग कराया गया उसके बाद दाल और सब्जी दिखाई दी।

बच्चों ने गाय को खिलाया भोजन
नन्हे छात्रों ने अपनी थाली का खाना गाय को खिला दिया। जब बच्चों से पूछा गया तो उनका कहना था कि दाल और सब्जी में पानी ज्यादा है। चावल भी कच्चा है। पूरे मामले पर अब समाजसेवियों ने सरकार प्रशासन और भोजन बनाने वाली एजेंसियो को जिम्मेदार ठाहरया है।
समाजसेवी बीके माला का कहना है कि मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा शासकीय स्कूलों में जो मिड-डे मील छात्रों को परोसा जा रहा है उसमें पोषक तत्व और विटामिन भरपूर हैं लेकिन रीवा जिले मे ऐसा कुछ भी नहीं है। बच्चों को विटामिन और प्रोटीन युक्त भोजन परोसा जाना चाहिऐ वो नहीं दिया जा रहा। औपचारिकता के रूप में अधिक पानी युक्त दाल और सब्जी परोसी जाती है।
देखें वीडियो-
मेन्यू के आधार पर नहीं दिया जा रहा मिड-डे मील
समाजसेवी ने बताया कि बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन का जो मेन्यू है उसमें अलग-अलग प्रकार की दाल, हरी-मौसमी सब्जी, हफ्तें मे एक दिन खीर या पूड़ी होती है। स्कूल में बच्चों को विटामिन और प्रोटीन युक्त भोजन मिल सके जिसके चलते मिड-डे मील की व्यवस्था की गई है। लेकिन वायरल वीडियो में जो भोजन छात्रों को परोसा गया है यह मानक के विपरीत है। इसकी जांच करके कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने क्या कहा?
वहीं, इस मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील में की गई अनियमितता की शिकायत मिली है। जांच करवाकर जो सुधार की व्यवस्था करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट- अशोक मिश्रा)