1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई की महिला से साइबर ठगी, ऑनलाइन दूध ऑर्डर करने के चक्कर में गंवाए 18.5 लाख रुपए, जानें क्या है पूरा मामला

मुंबई की महिला से साइबर ठगी, ऑनलाइन दूध ऑर्डर करने के चक्कर में गंवाए 18.5 लाख रुपए, जानें क्या है पूरा मामला

 Published : Aug 16, 2025 11:31 pm IST,  Updated : Aug 16, 2025 11:31 pm IST

मुंबई की एक बुजुर्ग महिला को साइबर ठगो ने अपना शिकार बनाया है। महिला से ठगों ने 18.5 लाख रुपए ठगे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Mumbai woman- India TV Hindi
मुंबई की महिला से साइबर ठगी Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE PIC

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 71 साल की महिला ने ऑनलाइन दूध ऑर्डर करने के चक्कर में 18.5 लाख रुपए गंवा दिए हैं। निश्चित तौर पर महिला साइबर क्राइम का शिकार हुई है।

क्या है पूरा मामला? 

मुंबई की एक 71 वर्षीय महिला को ऑनलाइन दूध ऑर्डर करने की कोशिश में साइबर ठगों ने 18.5 लाख रुपये का चूना लगा दिया। वडाला की रहने वाली इस महिला ने अगस्त की शुरुआत में एक ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के जरिए दूध मंगाने की कोशिश की थी। 

पुलिस के मुताबिक, इस दौरान साइबर अपराधियों ने दो दिनों में उनके बैंक खातों से पूरी बचत निकाल ली। चार अगस्त को महिला को एक शख्स का फोन आया, जिसने खुद को दूध कंपनी का कर्मचारी दीपक बताया। उसने महिला को एक मोबाइल नंबर पर लिंक भेजकर ऑर्डर के लिए जानकारी भरने को कहा। 

महिला को ठगों ने अपनी बातों से फंसाया

फोन पर लंबी बातचीत के दौरान महिला को लिंक पर क्लिक करने और निर्देशों का पालन करने को कहा गया। करीब एक घंटे की बातचीत से परेशान होकर महिला ने कॉल काट दी। अगले दिन उसी शख्स ने फिर फोन कर और जानकारी मांगी। कुछ दिन बाद जब महिला बैंक गई, तो पता चला कि उनके एक खाते से 1.7 लाख रुपये निकाले गए हैं। जांच करने पर उनके अन्य दो खातों से भी सारा पैसा गायब था। कुल 18.5 लाख रुपये ठगों ने निकाल लिए। 

पुलिस का कहना है कि लिंक पर क्लिक करने से महिला का फोन हैक हो गया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने इस सप्ताह मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सभी मोबाइल यूजर्स को अलर्ट रहने की जरूरत है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।