महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम यानी BMC चुनाव की तारीख सामने आ चुकी है। सभी राजनीतिक दल इस चुनाव के लिए अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं और वोटर्स को लुभाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी बीच मुंबई भाजपा के अध्यक्ष अमित साटम ने भी एक तरीका अपनाया। रेलवे बूट पॉलिश फेडरेशन के सम्मेलन में उन्होंने बूट पॉलिश किए हैं। बूट पॉलिश करते हुए उनका वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई में बीएमसी चुनाव नज़दीक आते ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मुंबई भाजपा की ओर से रेलवे बूट पॉलिश फेडरेशन का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने बूट पॉलिश कामगारों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। चर्चा के दौरान रोज़गार, सुविधाओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दे सामने आए।
अमित साटम ने खुद बूट पॉलिश किया
कार्यक्रम की सबसे ख़ास तस्वीर तब देखने को मिली जब अमित साटम ने खुद बूट पॉलिश कर कामगारों के श्रम के प्रति सम्मान जताया। बीएमसी चुनाव से पहले भाजपा के इस कदम को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, जहाँ अलग-अलग श्रमिक वर्गों तक पहुँच बनाकर समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज़ होती दिख रही हैं।
कब है BMC का चुनाव?
महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि राज्य में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए चुनाव का आयोजन एक ही चरण में 15 जनवरी को किया जाएगा। वहीं, मतों की गिनती 16 जनवरी को की जाएगी। इन महानगरपालिकाओं में कुल 2,869 सीट के लिए वोटिंग होगी, जिनमें बीएमसी की 227 सीट भी शामिल हैं। चुनाव में 3.48 करोड़ से ज्यादा वोटर्स मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव: BJP के नेतृत्व में महायुति ने मारी बाजी, सिर्फ 44 पदों पर सिमट गई आघाड़ी
पूरे MVA से ढाई गुना सीटों पर आगे BJP, आंकड़ों से समझिए महाराष्ट्र में उसकी बंपर जीत की कहानी