1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ओडिशा से 1800 KM दूर ले जा रही थी पुलिस, रास्ते में ही होटल से फरार हो गया आरोपी; सिपाही को दिया चकमा

ओडिशा से 1800 KM दूर ले जा रही थी पुलिस, रास्ते में ही होटल से फरार हो गया आरोपी; सिपाही को दिया चकमा

 Reported By: Yogendra Tiwari Written By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 16, 2026 10:15 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 11:29 am IST

गुजरात पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में जिस आरोपी को गुजरात से करीब 1 हजार 800 किलोमीटर दूर ओडिशा से गिरफ्तार किया था, वह नागपुर पहुंचते ही रास्ते में से फरार हो गया।

Nagpur hotel escape case- India TV Hindi
नागपुर के होटल से भागा गुजरात पुलिस की तरफ से गिरफ्तार किया गया आरोपी। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

चेक बाउंस के मामले में गुजरात पुलिस की तरफ से गिरफ्तार किया गया आरोपी नागपुर के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर स्थित एक होटल से भागने में कामयाब हो गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर गुजरात ले जाया जा रहा था। रास्ते में आराम करने के लिए पुलिस की टीम नागपुर के होटल में रुकी थी। इसी दौरान, आरोपी चकमा देकर फरार हो गया।

ओडिशा से गिरफ्तार कर ले जा रहे थे राजकोट

फरार हुए आरोपी का नाम अमित दास बिकम दास बताया जा रहा है। गुजरात के राजकोट सिटी के ए डिविजन पुलिस थाने में अमितदास के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। चेक बाउंस के मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसके बाद, राजकोट की पुलिस ने अमित दास को ओडिशा से गिरफ्तार किया। फिर, प्राइवेट टैक्सी से उसे राजकोट ले जा जाना था। इस दौरान, पुलिस की टीम आराम करने के लिए नागपुर के होटल में रुकी थी।

होटल के दूसरे कमरे में रखा गया था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 14 जुलाई को नागपुर के तहसील थाना क्षेत्र के CA रोड के होटल में पुलिस टीम रुकी थी। दर्ज शिकायत के मुताबिक, होटल में पुलिस अधिकारी एक अलग कमरे में ठहरे थे, जबकि आरोपी अमित दास को दो कांस्टेबलों की निगरानी में दूसरे कमरे में रखा गया था। और इसी लूपहोल का आरोपी ने फायदा उठाया।

सिपाही की आंख लगते ही हुआ फरार

इसी दौरान, एक कांस्टेबल फ्रेश होने के लिए वॉशरूम चला गया, जबकि आरोपी की रखवाली कर रहे दूसरे कांस्टेबल की आंख लग गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। इस मामले में तहसील पुलिस ने धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

आरोपी अमित दास के फरार होने के बाद तुरंत लोकल पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की जा रही है, ताकि आरोपी अमित दास के भागने के रूट को मालूम किया जा सके। वहीं, पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने की वारदात को संवेदनशीलता से लेते हुए पूरे केस की जांच शुरू कर दी गई है। ऐसा ही एक मामला पहले भी सामने आया था, जब मुंद्रा हेरोइन तस्करी केस का आरोपी पुलिस को चकमा देकर पंजाब से फरार हो गया था

ये भी पढ़ें- जुआ क्लब पर पुलिस का छापा, भीड़ को काबू करने के लिए करनी पड़ी हवाई फायरिंग; वीडियो वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।