1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. मुंद्रा हेरोइन तस्करी मामले का एक आरोपी फरार, पुलिस को चकमा देकर पंजाब से हुआ गायब

मुंद्रा हेरोइन तस्करी मामले का एक आरोपी फरार, पुलिस को चकमा देकर पंजाब से हुआ गायब

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 18, 2024 11:32 pm IST,  Updated : Feb 18, 2024 11:32 pm IST

गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर पकड़े गए 2,988 किलोग्राम हेरोइन के मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों में से एक पंजाब में पुलिस की हिरासत से फरार हो गया है। बता दें कि एक अन्य मामले में अदालत में पेशी के लिए उसे पंजाब लाया गया था।

Mundra Port heroin smuggling case accused absconds dodges the police and disappears from Punjab- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर 2021 में 2,988 किलोग्राम जब्त होने से संबंधित मामले का एक आरोपी पंजाब में पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। उसे एक अन्य मामले में अदालत में पेशी के लिए पंजाब ले जाया गया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। कच्छ (पश्चिम) के पुलिस अधीक्षक महेंद्र बागड़िया ने कहा कि जोबनजीत सिंह संधू को एक अन्य मामले में अमृतसर की एक अदालत में पेशी के लिए कच्छ की भुज जेल से पंजाब ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि वह शनिवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गया। 

Related Stories

हेरोइन तस्करी से जुड़ा आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार

अधिकारी ने कहा, ‘‘उसे अमृतसर से वापस लाया जा रहा था तभी वह गुजरात पुलिस की गिरफ्त से भाग गया। स्थानीय पुलिस की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया है और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।’’ राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने सितंबर 2021 में कच्छ के मुंद्रा बंदरगाह से करीब 21,000 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग 2,988 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। यह खेप आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में पंजीकृत एक व्यापारिक कंपनी के नाम पर मंगाया गया था। ऐसा बताया गया था कि अफगानिस्तान में उत्पादित हेरोइन को ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह के रास्ते मुंद्रा बंदरगाह लाया गया था।

साल 2021 का है मामला

बता दें कि मुंद्रा बंदरगाह पर साल 2021 में 2988 किलोग्राम वजन की हेरोइन के दो कंटेनरों को जब्त किया गया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस बाबत गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा था कि यह मादक पदार्थ अफगानिस्तान से आया था। उन्होंने उस समय कहा था कि भारत सरकार ने बंदरगाहों के जरिए आने वाले मादक पदार्थों को नियंत्रित करने के लिए कई उपाय किए हैं। बता दें कि इस मामले का एक आरोपी अब फरार हो चुका है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।