1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: वन विभाग की जमीन पर 'गांजे की खेती' देख पुलिस के उड़े होश, 1 करोड़ 6 लाख की फसल में लगा दी आग

महाराष्ट्र: वन विभाग की जमीन पर 'गांजे की खेती' देख पुलिस के उड़े होश, 1 करोड़ 6 लाख की फसल में लगा दी आग

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 08, 2025 10:07 am IST,  Updated : Dec 08, 2025 10:10 am IST

महाराष्ट्र में पुलिस ने बेहद दुर्गम इलाकों में की गई साहसिक कार्रवाई में पुलिस ने मौके पर ही करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जलाकर खाक कर दिया। इस पूरे ऑपरेशन में धुले पुलिस ने वन विभाग की सीमा के भीतर कुल 122 गुंठा जमीन को नशा मुक्त कराया है।

ganja ki kheti- India TV Hindi
पुलिस ने मौके पर ही 21 क्विंटल गांजा जलाकर नष्ट किया। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के धुले जिले के शिरपुर तालुका में पुलिस प्रशासन ने नशा तस्करों की कमर तोड़ते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से की जा रही गांजा की खेती का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपये की फसल को नष्ट कर दिया है। जामण्यापाणी क्षेत्र के बेहद दुर्गम इलाकों में की गई इस साहसिक कार्रवाई में पुलिस ने मौके पर ही करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जलाकर खाक कर दिया।

शिरपुर के जंगलों में पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन'

शिरपुर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक जयपाल हिरे को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि जामण्यापाणी गांव की सीमा में वन विभाग की आरक्षित भूमि पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर गांजा की खेती की जा रही है। चूंकि यह इलाका पहाड़ियों और जंगलों के बीच स्थित था, वहां से जब्त किए गए गांजे के पौधों को पुलिस स्टेशन या शहर तक परिवहन करके लाना एक बड़ी चुनौती थी। इस समस्या को देखते हुए, पुलिस निरीक्षक जयपाल हिरे ने तत्काल न्यायालय से संपर्क किया। न्यायालय से विशेष अनुमति मिलने के बाद, कार्यकारी दंडाधिकारी (Executive Magistrate) की उपस्थिति में पुलिस ने जंगल में ही पंचनामा कर गांजा नष्ट करने का निर्णय लिया।

ganja destroy
Image Source : REPORTER INPUTपुलिस ने 21 क्विंटल गांजा जलाकर नष्ट किया।

2 स्थानों पर कार्रवाई: 40 हजार स्क्वायर फीट में फैला था नशा

पुलिस की यह कार्रवाई मुख्य रूप से दो अलग-अलग स्थानों पर की गई। पहली कार्रवाई जामण्यापाणी वन क्षेत्र के भोरखेड़ा में हुई। यहां लगभग 40 हजार स्क्वायर फीट जमीन पर गांजा उगाया गया था। पुलिस ने यहां कार्रवाई करते हुए 42 लाख 45 हजार रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया और उसे जला दिया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई बभलाज क्षेत्र में की गई। यहां तस्करों को पुलिस की छापेमारी की भनक शायद पहले ही लग गई थी। पुलिस की कार्रवाई के डर से अज्ञात आरोपियों ने 82 गुंठा क्षेत्र में लगी गांजे की फसल को खुद ही काटकर जमीन पर गिरा दिया था, ताकि वे सबूत मिटा सकें। लेकिन पुलिस ने वहां पहुंचकर भारी मात्रा में काटा हुआ गांजा बरामद कर लिया। इस स्थान से मिले गांजे का वजन 1,276 किलोग्राम था, जिसकी बाजार में कीमत करीब 63 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने इसे भी एक जगह इकट्ठा कर आग के हवाले कर दिया।

आंकड़ों में कार्रवाई-

इस पूरे ऑपरेशन में धुले पुलिस ने वन विभाग की सीमा के भीतर कुल 122 गुंठा जमीन को नशा मुक्त कराया है। दोनों स्थानों से मिलाकर कुल 2,125 किलोग्राम (21 क्विंटल से अधिक) गांजा के पौधे नष्ट किए गए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, नष्ट किए गए गांजे की कुल कीमत 1 करोड़ 6 लाख 25 हजार रुपये है।

इस अवैध कारोबार के पीछे कौन?

जंगल के बीचों-बीच चल रहे इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग थे, पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है। फिलहाल, शिरपुर तालुका पुलिस स्टेशन में हेड कॉन्स्टेबल सागर ठाकुर की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। धुले पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

(रिपोर्ट- उबैद कादरी)

यह भी पढ़ें-

न्यू ईयर पर नशे की तैयारी...? 29 करोड़ रुपये के MMDA पिल्स, हाइड्रो गांजा बरामद, दो विदेशी गिरफ्तार

सूरत एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 1.44 करोड़ का हाइब्रिड गांजा, बैंकॉक से लाने वाला यात्री गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।