1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. क्या बीजेपी पाकिस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है? नितेश राणे के बयान से मची सियासी खलबली

क्या बीजेपी पाकिस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है? नितेश राणे के बयान से मची सियासी खलबली

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Apr 04, 2025 01:16 pm IST,  Updated : Apr 04, 2025 01:16 pm IST

नितेश राणे अक्सर अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने केरल को मिनी पाकिस्तान करार दिया और यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि ‘‘सभी आतंकवादी गांधी परिवार को वोट देते हैं।’’

Nitesh Rane- India TV Hindi
नितेश राणे Image Source : FILE

मुबई: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता नितेश राणे ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी पाकिस्तान को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाना चाहती है। मत्स्य और बंदरगाह विकास मंत्री राणे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह बयान दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत के उस आरोप का जवाब दिया जिसमें राउत ने कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारत को ‘हिंदू पाकिस्तान’ बनाना चाहते हैं। 

अपनी हद में रहें

राणे ने लिखा, ‘‘लेकिन हम पाकिस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। इसे ध्यान में रखें और अपनी हद में रहें।’’ मंत्री का यह बयान शिवसेना (उबाठा) के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित राउत के हालिया साप्ताहिक लेख के संदर्भ में माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने और भारत को ‘हिंदू पाकिस्तान’ बनाने की दिशा में ले जाने का आरोप लगाया था। इससे पहले, राणे ने छत्रपति संभाजीनगर जिले के खुल्ताबाद में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग की थी। साथ ही, उन्होंने केरल को ‘मिनी पाकिस्तान’ भी कहा था।

नितेश राणे के कुछ विवादित बयान

नितेश राणे अक्सर अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने केरल को मिनी पाकिस्तान करार दिया और यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि ‘‘सभी आतंकवादी गांधी परिवार को वोट देते हैं।’’ राणे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन व वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाद्रा पर हमला करते हुए ये आरोप लगाया था। पुणे जिले की पुरंदर तहसील में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता नितेश राणे ने आरोप लगाया, ‘‘केरल ‘मिनी पाकिस्तान’ है। आतंकवादियों ने (पहले) राहुल गांधी को वोट दिया और अब उनकी बहन प्रियंका गांधी को वोट दिया है।’’ उनके इस बयान पर काफी सियासी बवाल हुआ था।

नितेश राणे ने हाल में बयान दिया था कि मुसलमान छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना का हिस्सा नहीं थे। उनके इस बयान पर भी काफी सियासी बवाल मचा था। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख पवार से राणे की इस टिप्पणी के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि नेताओं को यह ध्यान में रखना चाहिए कि उनके द्वारा सार्वजनिक रूप से दिए गए बयानों से सांप्रदायिक तनाव पैदा न हो। उन्होंने कहा ‘‘कुछ नेता कभी-कभी ऐसे बयान दे देते हैं जो महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए हानिकारक होते हैं। पवार ने कहा कि एक संप्रभु राज्य की स्थापना करते समय शिवाजी महाराज ने कभी भी जाति या पंथ के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘नेताओं को, चाहे वे सरकार में हों या विपक्ष में, बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि सांप्रदायिक विवाद पैदा न हो।'

वहीं पिछले साल नवी मुंबई में एक गणपति कार्यक्रम में अपने भाषण के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाने के आरोप में नीतेश राणे के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संकल्प घरात नामक संगठन ने बिना जरूरी अनुमति के उलवे में सात दिवसीय गणपति उत्सव का आयोजन किया था और राणे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। शिकायतकर्ता के अनुसार 11 सितंबर को कार्यक्रम के दौरान राणे ने अपने भाषण में कथित रूप से अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया और लोगों को भड़काया। राणे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 302 (किसी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर बोलना), 351 (2) (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमानित करना) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।