1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में Coronavirus के 778 नए केस और 14 मरीजों की मौत, संक्रमितों की कुल संख्या 6427 हुई

महाराष्ट्र में Coronavirus के 778 नए केस और 14 मरीजों की मौत, संक्रमितों की कुल संख्या 6427 हुई

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 23, 2020 09:52 pm IST,  Updated : Apr 23, 2020 11:20 pm IST

महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के 778 नए पॉजिटिव केस सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 6427 पर पहुंच गया। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने मीडिया बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र में Coronavirus के 778 नए केस और 14 मरीजों की मौत, संक्रमितों की कुल संख्या 6427 हुई- India TV Hindi
महाराष्ट्र में Coronavirus के 778 नए केस और 14 मरीजों की मौत, संक्रमितों की कुल संख्या 6427 हुई

मुंबई: महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के 778 नए पॉजिटिव केस सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 6427 पर पहुंच गया। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने मीडिया बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी। मीडिया बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में अभी तक कुल 840 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। 

मीडिया बुलेटिन के मुताबिक, गुरुवार को राज्य में कुल 14 कोरोना वायरस के मरीजों की मौत हुई। इनमें से मुंबई में 6, पुणे में 5 और नवी मुम्बई, नंदुरबार तथा धुले में 1-1 शख्स की मौत हुई है। इन 14 मौतों के साथ ही राज्य में मरने वालों की संख्या 283 हो गई है, जिनमें से सिर्फ मुंबई में ही 167 लोगों की मौत हुई है। दरअसल, मुंबई राज्य का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित शहर है, जहां कुल 4205 कोरोना पॉजिटिव लोग हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मीडिया बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में कुल 96,369 कोरोना वायरस के टेस्ट हुए हैं, जिन्में से 89,561 नेगेटिव आए और 6427 पॉजिटिव आए। फिलहाल, महाराष्ट्र देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। ऐसे में राज्य में कुल 477 कंटेन्मेंट  जोन हैं। मौजूदा वक्त में राज्य के भीतर 1,14,398 लोग होम क्वारंटाइन में हैं जबकि 8,702 लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया है।

मुंबई के धारावी में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 25 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमित मरीजों आंकड़ा 214 पहुंच गया। बृहन्मुंबई नगरपालिका के अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घनी आबादी वाले इस इलाके में संक्रमण से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के नए मामले कुट्टी नगर, माटुंगा लेबर कैंप, आजाद नगर, राजीव गांधी नगर और चमड़ा बाजार सहित कई इलाकों में सामने आए हैं।

वहीं, अगर पूरे देश की बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 21 हजार 700 हो गए। इन मामलों में से 4 हजार 324 लोग ठीक हो चुके हैं और इस वक्त 16 हजार 689 एक्टिव केस हैं। इस बीमारी से मरने वालों की तादाद बढ़कर 686 हो गई है। बात अगर पिछले 24 घंटे की करें तो 1229 नए कोरोना केस सामने आए हैं और 34 लोगों की मौत हो गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।