1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शिवसेना-UBT में टूट? बुधवार को स्पीकर ओम बिरला से मिल सकते हैं उद्धव ठाकरे के सांसद, सामने आ गई लिस्ट

शिवसेना-UBT में टूट? बुधवार को स्पीकर ओम बिरला से मिल सकते हैं उद्धव ठाकरे के सांसद, सामने आ गई लिस्ट

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 16, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 11:21 pm IST

उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना-UBT में इस समय ऑपरेशन टाइगर से खलबली मची हुई है। माना जा रहा है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी एक बार फिर टूटने जा रही है। उनके कई सांसद पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं।

maharashtra eknath shinde uddhav shiv sena ubt MPs- India TV Hindi
उद्धव ठाकरे की पार्टी में टूट का दावा। Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजनीति में सियासी हलचल काफी तेज हो चुकी है। उद्धव ठाकरे की पार्टी पर एक बार फिर से टूट का खतरा मंडरा रहा है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि शिवसेना यूबीटी के 9 में से 7 सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने वाले हैं। इस पूरे घटनाक्रम को  ऑपरेशन टाइगर नाम दिया गया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना-UBT का टूटना लगभग माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव कैंप के 6 से 7 सांसद शिंदे गुट में जाने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। ये सभी सांसद जल्द ही शिंदे कैंप में शामिल हो सकते हैं। बुधवार को इन सांसदों की दिल्ली में बैठक होने की भी बात कही जा रही है।

स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे सांसद

सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के सांसद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे श्रीकांत शिंदे के दिल्ली स्थित आवास पर बैठक करेंगे। इस बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि बैठक के बाद ये सांसद लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करेंगे। सूत्रों का दावा है कि पहले ये सांसद लोकसभा में अलग गुट बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे और उसके बाद इस गुट का शिंदे नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय कराया जाएगा।

सांसदों के नाम आए सामने

सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे गुट (UBT) के 6 सांसदों के शिंदे शिवसेना के संपर्क में होने की चर्चा है। इन सांसदों के नाम इस प्रकार बताए जा रहे हैं-:

  • संजय दीना पाटिल
  • संजय देशमुख
  • नागेश पाटिल आष्टीकर
  • ओमराज निंबालकर
  • भाऊसाहेब वॉकचौरे
  • संजय जाधव

वहीं, राजाभाऊ वाजे का नाम भी चर्चाओं में सामने आ रहा है।

कई सांसद एकनाथ शिंदे के साथ आएंगे- केसरकर

पार्टी को दोबारा टूटने से बचाने के लिए उद्धव ठाकरे सांसदों के बाद अब 22 तारीख को विधायकों की मीटिंग करने जा रहे हैं। लेकिन उससे पहले आज शिंदे गुट के नेता का बड़ा बयान आया है। इंडिया टीवी से बातचीत करते हुए शिंदे गुट के नेता दीपक केसरकर ने कहा है कि उद्धव ठाकरे के कई सांसद एकनाथ शिंदे के साथ आएंगे, बस कुछ दिन इंतजार कीजिए। केसरकर दावा है कि कई जनप्रतिनिधि अपने-अपने इलाके में विकास के लिए शिंदे के साथ जुड़ना चाहते हैं। शिवसेना में जितने भी सांसद और विधायक हैं वो सभी बाला साहेब की हिंदुत्व वाली राजनीति करते हैं। ऐसे में जितने भी सांसद शिंदे के साथ संपर्क में हैं, वो सब इधर आएंगे।

उद्धव के पास कितने सांसद?

आपको बता दें कि उद्धव की पार्टी शिवसेना यूबीटी में कुल 10 सांसद हैं जिसमें 9 लोकसभा और 1 राज्यसभा से हैं। शिंदे गुट का दावा है कि 9 लोकसभा सांसदों में से 7 सांसद उनके संपर्क में हैं। यानी दो तिहाई लोकसभा सांसद शिंदे गुट में आना चाहते हैं। शिंदे गुट का ये भी दावा है कि उद्धव सेना के 20 में से 16 विधायक भी उसके संपर्क में हैं, यानी दो तिहाई से ज्यादा। ऐसे में अगर इन विधायकों और सांसदों ने पाला बदला तो 5 साल के अंदर दूसरी बार उद्धव ठाकरे की पार्टी टूटेगी।

ये भी पढ़ें- 'संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी को खत्म करने की ठान ली है', केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव का बड़ा बयान

ऑपरेशन टाइगर: उद्धव की सेना में बगावत? आखिर अब कितने टुकड़ों में बंटेगी 'शिवसेना'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।