1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में भारी बारिश के कारण 5 मौतें, हादसों पर सियासत तेज, मैनहोल मौत मामले पर विधानसभा में बवाल

मुंबई में भारी बारिश के कारण 5 मौतें, हादसों पर सियासत तेज, मैनहोल मौत मामले पर विधानसभा में बवाल

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Shakti Singh
 Published : Jul 02, 2026 05:03 pm IST,  Updated : Jul 02, 2026 06:55 pm IST

मुंबई में बारिश के कारण हुई घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाए हैं और कहा है कि सरकार जोड़तोड़ की राजनीति में लगी है।

Mumbai Rain- India TV Hindi
मुंबई में भारी बारिश Image Source : PTI

मुंबई में पिछले 48 घंटों से लगातार रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी बारिश के बीच लगातार सामने आ रहे हादसों ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। दो दिन पहले चेंबूर में एक स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि साकीनाका के चांदिवली इलाके में खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय असलम शेख की मौत ने सरकार और प्रशासन को विपक्ष के निशाने पर ला दिया।

यह मामला गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा में जोरदार तरीके से उठा। विपक्ष ने सरकार और बीएमसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए, जबकि सरकार ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट शाम तक पेश करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट कहा है कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए। राज्य सरकार ने भी पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

नाना पटोले ने सरकार पर साधा निशाना

विपक्ष की ओर से कांग्रेस नेता नाना पटोले ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार प्रशासन चलाने के बजाय केवल जोड़-तोड़ की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई में लगातार लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार का ध्यान व्यवस्था सुधारने पर नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार को और कितनी मौतों का इंतजार है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता असलम शेख ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार विधायकों और सांसदों को तोड़ने और राजनीतिक जोड़-तोड़ में लगी हुई है, जबकि मुंबई में लगातार हादसे हो रहे हैं। पहले चेंबूर में एक मासूम छात्र की जान गई और अब साकीनाका में एक बुजुर्ग खुले मैनहोल में गिरकर जान गंवा बैठे। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनके मुताबिक इन मौतों के लिए सरकार, बीएमसी और प्रशासन की विफलता जिम्मेदार है।

शिवसेना नेता ने साजिश के आरोप लगाए

वहीं चांदिवली से शिवसेना (शिंदे) के विधायक दिलीप लांडे ने कहा कि यह घटना उनके विधानसभा क्षेत्र में हुई है। उन्होंने बताया कि असलम शेख मैनहोल में गिर गए थे और बाद में उनकी लाश दूसरे मैनहोल से बरामद हुई। उन्होंने कहा कि यह केवल हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। मैनहोल का ढक्कन खुला था या किसी ने जानबूझकर हटाया था, इसका पता सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद चलेगा। उन्होंने भी बीएमसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एनसीपी (अजित पवार) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मुंबई और कोंकण क्षेत्र में इस समय अत्यधिक बारिश हो रही है, लेकिन ऐसी घटनाएं किसी भी हालत में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। सरकार ने प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

बीजेपी नेता ने एफआईआर की मांग की

बीजेपी मुंबई अध्यक्ष अमित सातम ने भी यह मुद्दा विधानसभा में उठाते हुए कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे बीएमसी में सत्ता किसी की भी हो, ऐसी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बीजेपी विधायक राम कदम ने भी कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इनके लिए प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वयं दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुंबई में जारी रहेगी भारी बारिश

फिलहाल, पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर और उपनगरों में 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते अब तक मुंबई और आसपास के इलाकों में कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन मौतें मुंबई और दो नवी मुंबई में हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आगे किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने की है।

यह भी पढ़ें-

नवी मुंबई में अंडरग्राउंड तार में उतरा करंट, रोड पर पैर रखते ही झुलस गईं 2 लड़कियां, देखें वीडियो

मुंबई में बारिश से 2 की मौत, हाई टाइड की चेतावनी; पवई झील हुई ओवरफ्लो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।