1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. जलमग्न हुई मायानगरी, लोकल ट्रेनें भी हुईं प्रभावित, बारिश से मुंबई शहर का हुआ बुरा हाल

जलमग्न हुई मायानगरी, लोकल ट्रेनें भी हुईं प्रभावित, बारिश से मुंबई शहर का हुआ बुरा हाल

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Jul 22, 2024 04:05 pm IST,  Updated : Jul 22, 2024 04:05 pm IST

मुंबई में भारी बारिश के कारण शहर भर में जलभराव हो गया है, जिससे निजी वाहनों के साथ-साथ बसें और लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। शहर में NDRF की टीमों को तैनात किया गया है।

शहर में चारों तरफ हुआ जलजमाव- India TV Hindi
शहर में चारों तरफ हुआ जलजमाव Image Source : SOCIAL MEDIA

बारिश ने मुंबई के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में जगह-जगह पर जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम और यहां तक की लोकल ट्रेनों की भी यात्राएं प्रभावित हुई हैं। हर तरह के खतरे से बचने के लिए पूरे शहर में NDRF की टीमों को तैनात किया गया है। बता दें कि, मुंबई में पिछले 12 घंटे से भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से सार्वजनिक और निजी परिवहन दोनों प्रभावित हुए हैं। शहर के मुलुंड और मालाबार हिल्स में सुबह सिर्फ एक घंटे में 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 135 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लोकल ट्रेनें हुईं प्रभावित

मानखुर्द, पनवेल और कुर्ला स्टेशनों के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से हार्बर लाइन पर ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं। महानगर के कई हिस्सों में सड़क पर जलभराव होने से बसों के रास्ते बदले गए। डीएन नगर में अंधेरी सबवे बंद कर दिया गया। जबकि दक्षिण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को गोखले ब्रिज और उत्तर की ओर जाने वाले वाहनों को ठाकरे ब्रिज से गुजारा गया। इसके अलावा खार सबवे को भी बंद कर दिया गया। वहीं ट्रांबे में महाराष्ट्र नगर सबवे बंद रहा। अधिकारी ने बताया कि मध्य मुंबई के वडाला और माटुंगा में सड़कों पर जलभराव होने से कई वाहन फंसे हुए हैं।

इन राज्यों के लिए IMD में जारी किया अलर्ट

भारी बारिश के लगातार पूर्वानुमान के कारण NDRF की तीन टीमें मुंबई में तैनात हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। IMD ने शहर और उपनगरों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में 22 जुलाई को भारी बारिश को लेकर रेड और 23-25 तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात क्षेत्र में 22-23 जुलाई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिम मध्य प्रदेश में 22 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 24 जुलाई तक, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 23-24 जुलाई, गुजरात राज्य में 24-25, पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में 22-23 जुलाई को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें:

बारिश बनी आफत! बाढ़ जैसे हालातों के बीच फंसे 30 पर्यटक और किसान, किया गया रेस्क्यू; देखें Video

मुंबई में भारी बारिश का कहर; 36 फ्लाइट रद्द, 15 डाइवर्ट की गईं, दोपहर में रनवे सेवा पर भी हुआ था असर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।