1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नितिन गडकरी बोले- किसानों को 5 लाख में मिलेगा घर, तैयार कर रहे स्मार्ट विलेज

नितिन गडकरी बोले- किसानों को 5 लाख में मिलेगा घर, तैयार कर रहे स्मार्ट विलेज

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Malaika Imam
 Published : Oct 27, 2023 05:16 pm IST,  Updated : Oct 27, 2023 05:42 pm IST

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वो ऐसा प्रोजेक्ट ला रहे हैं, जिसमें पांच लाख रुपये में किसानों को घर मिलेगा। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि संतरा, सोयाबीन, कपास का उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए, इस पर भी काम चल रहा है।

नितिन गडकरी- India TV Hindi
नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वो स्मार्ट विलेज तैयार कर रहे हैं। स्मार्ट विलेज के अंतर्गत 5 लाख रुपये में किसानों को घर मिलेगा। 5 लाख रुपये में किसानों का खुद का प्लॉट होगा, खुद का बंगला रहेगा। उन्होंने कहा कि घर पर लाइफ टाइम बिजली और पानी भी मुफ्त मिलेगा, ऐसा वो प्रोजेक्ट ला रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि परली से बायो सीएनजी और बायो एलएनजी तैयार होता है, इससे बनने वाले 36 प्रोजेक्ट शुरू कर चुके हैं और 186 प्रोजेक्ट प्रक्रिया में है।

किसानों के सुसाइड पर क्या बोले? 

विदर्भ में किसानों की हो रही आत्महत्या के संबंध में नितिन गडकरी ने कहा कि लगभग 5,000 गन्ना उत्पादक किसानों ने गन्ना उत्पादन शुरू किया, स्थिति काफी मजबूत हो गई, वे किसान कर्ज मुक्त हो गए हैं। संतरे का उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए, इस पर कार्य चल रहा है। एक एकड़ में संतरे, सोयाबीन, कपास का उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए, इस पर भी काम चल रहा है।

 "नई टेक्नोलॉजी लाकर किसानों को समृद्ध बनाएंगे"

गडकरी ने कहा कि 1 एकड़ में सोयाबीन 15 से 20 क्विंटल कैसे उत्पन्न हो, किस तरीके की बीजों की जरूरत है, इस पर कार्य हो रहा है। 25 क्विंटल तक कपास कैसे प्रति एकड़ हो सकता है, इस पर भी कार्य हो रहा है। नितिन गडकरी ने आगे कहा कि कुछ कमियां हैं, कुछ गलतियां हैं, कुछ जमीन के दिक्कतें हैं, कुछ पानी का अभाव है, इन समस्याओं को मात देकर नई टेक्नोलॉजी लाकर किसानों को समृद्ध बनाएंगे, किसानों को सक्षम बनाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।