महाराष्ट्र के पुणे के कात्रज इलाके में रविवार सुबह एक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना आंबेगाव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कात्रज चौक से नवले ब्रिज हाईवे पर स्थित राजमाता भुयारी मार्ग, दत्तनगर चौक पर हुई। हमले का वीडियो भी सामने आया है।
घायल हुए ऑटो चालक की पहचान सूरज माणिक काळे (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कात्रज के जैन मंदिर के पास का निवासी है। घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश की वजह से किया हमला
जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पिछले 2 से 3 सालों से पैसेंजर बैठाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी दुश्मनी और रंजिश के चलते रविवार की सुबह तीनों आरोपियों ने मिलकर सूरज काळे को घेर लिया और उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही आंबेगाव पुलिस तुरंत एक्शन में आई और तीनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बापूसो बालासाहेब भोसले (उम्र 35 वर्ष), गणेश हरिभाऊ धारपाले (उम्र 27 वर्ष) और गणेश उर्फ भावड्या हरिभाऊ धरपाले (उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है।
आंबेगाव पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
(रिपोर्ट- समीर शेख)
ये भी पढ़ें-
सुप्रीम कोर्ट ने डॉग लवर्स की याचिका की खारिज, सार्वजनिक जगहों से हटाए जाएंगे आवारा कुत्ते
मरीज को छोड़ लौट रही एंबुलेंस पेड़ से टकराई, धू-धू कर जली और जिंदा जला चालक