1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शरद पवार की अजित के साथ ‘गुप्त बैठकों’ से कांग्रेस असहज, 2024 के लिए बनाया प्लान बी?

शरद पवार की अजित के साथ ‘गुप्त बैठकों’ से कांग्रेस असहज, 2024 के लिए बनाया प्लान बी?

 Published : Aug 16, 2023 08:56 am IST,  Updated : Aug 16, 2023 08:56 am IST

अजित पवार पिछले महीने एनसीपी को तोड़ अपने समर्थकों के साथ राज्य की एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और भाजपा सरकार में शामिल हो गए थे जबकि शरद पवार महा विकास आघाडी का हिस्सा हैं जिसमें उनकी पार्टी के साथ शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस शामिल हैं।

sharad pawar- India TV Hindi
शरद पवार Image Source : PTI

मुंबई: कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अध्यक्ष शरद पवार और राज्य के डिप्टी सीएम अजित पवार की ‘गुप्त’ मुलाकात उनकी पार्टी के लिए चिंता का विषय है। शरद पवार महा विकास आघाडी (MVA) का हिस्सा हैं जिसमें उनकी पार्टी के साथ शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस शामिल हैं जबकि उनके भतीजे अजित पवार पिछले माह एनसीपी को तोड़ अपने समर्थकों के साथ राज्य की एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और भाजपा सरकार में शामिल हो गए थे।

'हमें शरद पवार और अजित पवार की गुप्त बैठकें स्वीकार नहीं'

संवाददाताओं द्वारा शरद पवार और अजित पवार की शनिवार को पुणे में हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर पटोले ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए चिंता का विषय है और हम शरद पवार और अजित पवार की गुप्त बैठकों को स्वीकार नहीं करते। हालांकि, इस मुद्दे पर कांग्रेस के शीर्ष नेता चर्चा करेंगे। ‘इंडिया’ गठबंधन में भी इस पर चर्चा की जाएगी, इसलिए यह मेरे लिए उचित नहीं होगा कि मैं इस पर आगे बात करूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हर उस दल या नेता से हाथ मिलाने का फैसला किया है जो भाजपा का विरोध करने को इच्छुक है। ऐसे में इन कयासों में कोई सच्चाई नहीं है कि कांग्रेस शरद पवार को साथ लिए बिना अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है।’’

'हम अपने रास्ते से नहीं हटेंगे जिसे हमने चुना है'
इस बीच, शरद पवार ने अपने गृहनगर बारामती में लोगों से कहा कि कुछ लोगों ने अलग रास्ता अपनाया है लेकिन ‘‘जब उनको स्थिति का अहसास होगा तो वे अपने रुख को बदल सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे लोग अपना रुख बदलें या नहीं, हम अपने रास्ते से नहीं हटेंगे जिसे हमने चुना है।’’ शरद पवार ने कहा, ‘‘मैंने महाराष्ट्र (मतदाताओं) से कहा है कि किसी के लिए मतदान करिए। और अब मैं उनसे यह नहीं कह सकता कि किसी और के लिए मतदान करें जिसका हमने लंबे समय से विरोध किया है।’’ शरद पवार ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को बीड में जनसभा का आयोजन करेंगे।

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।