1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. संजय राउत ने कसा तंज, कहा- 'हर बात का हो रहा राजनीतिकरण, मोदी बॉल डालेंगे और अमित शाह बैटिंग करेंगे'

संजय राउत ने कसा तंज, कहा- 'हर बात का हो रहा राजनीतिकरण, मोदी बॉल डालेंगे और अमित शाह बैटिंग करेंगे'

 Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 19, 2023 12:24 pm IST,  Updated : Nov 19, 2023 12:24 pm IST

क्रिकेट वर्ल्ड कप पर भी राजनीति कम होने का नाम नहीं ले रही। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा है कि मोदी सरकार आने के बाद हर बात का इवेंट बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी बॉलिंग करेंगे और अमित शाह बैटिंग। बाद में कहेंगे कि मोदी थे तो हम जीत गए।

संजय राउत ने कहा- हर बात का हो रहा राजनीतिकरण- India TV Hindi
संजय राउत ने कहा- हर बात का हो रहा राजनीतिकरण Image Source : PTI

मुंबई: क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर में हर तरफ क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। वहीं अब इस वर्ल्ड कप को लेकर राजनीतिक बयान भी सामने आने लगे हैं। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि इस देश में सभी बातों का इवेंट किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में मृत्यु पर भी इवेंट किया जाता है। झूठे आंसू बहाए जाते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैच के बाद यह भी बयान आएंगे कि मोदी थे तो हम जीत गए। हर बात का यहां राजनीतिकरण किया जा रहा है। 

यहां मृत्यु का भी इवेंट होता है

दरअसल शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा कि 'देखिये हर बात का यहां पॉलिटिकल इवेंट होता है। जबसे नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तब से चाहे किसी की मौत हो या कोई खेल का उत्सव हो हर बात इवेंट हो जाती है। यहां मृत्यु का भी इवेंट होता है। झूठे आंसू बहाए जाते हैं। ये क्रिकेट है, वर्ल्ड कप है, उसमें कहां से राजनीति लाएंगे, लेकिन अहमदाबाद में उसका इवेंट चल रहा है। जैसे कि मोदी बॉलिंग डालेंगे, अमित शाह जी बैटिंग करेंगे और उनके बीजेपी के लोग वहां बॉर्डर पर खड़े रहेंगे। फिर बोलेंगे कि हमने ऐसा किया था। इसी प्रकार से बॉलिंग करो, ये शॉट मारो, अब आ जाएगा सब। अभी हो जाएगी कि मोदी थे इसलिए हम जीत गए। कुछ भी होता है इस देश में आजकल।'

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा फाइनल मुकाबला

बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें 20 साल बाद टूर्नामेंट के फाइनल में एक-दूसरे का सामना कर रही हैं। ऐसे में देश भर से क्रिकेट प्रेमी अहमदाबाद आ रहे हैं। इतना ही नहीं देश भर के अलग-अलग हिस्सों में यज्ञ हवन से लेकर नमाज और दुआएं की जा रही हैं। देश भर से आज एक ही आवाज आ रही है कि क्रिकेट विश्व का फाइनल मुकाबला भारत जीतेगा। क्रिकेट प्रेमियों में आज के मुकाबले को लेकर रोमांच देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 

IND vs AUS Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मैच आज, शिवसेना यूबीटी के कार्यकर्ताओं ने निकाली शुभकामना रैली

आदित्य ठाकरे पर FIR दर्ज, गैर कानूनी तरीके से कर दिया था निर्माणाधीन पुल का उद्घाटन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।