छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के एक ज्वैलर ने एक बजुर्ग दंपति को करीब 3,000 रुपये का मंगलसूत्र मात्र 20 रुपये में उपहार में दिया जिसकी सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। इस संबंध में गोपिका ज्वैलर्स के मालिक नीलेश खिवंसरा का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि वे स्वाभिमानी लोग थे। उन्हें मुफ्त में कुछ नहीं चाहिए था और वे पैसे देने पर जोर दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग दंपति आभूषणों की तलाश में सबसे पहले उनकी पहली ब्रांच में गए। उन्होंने कुछ देर तक आभूषणों को देखा और बिना खरीदे ही चले गए। इसके बाद ये लोग तीन अन्य दुकानों पर भी गए। इसके बाद वे छत्रपति संभाजीनगर में उनकी दूसरी ब्रांच में आए। कर्मचारियों ने 93 वर्षीय बुजुर्ग के चेहरे को देखकर गलती से समझा कि वे कुछ आर्थिक मदद मांग रहे हैं, लेकिन जब उन्होंने अपनी पत्नी के लिए मंगलसूत्र खरीदने की इच्छा जताई तो फिर उन्हें हमने मंगलसूत्र दिया।
आशीर्वाद के तौर पर लिए 20 रुपये
ज्वैलरी शॉप के मालिक खिवंसरा ने कहा कि इस दंपति ने इसे मुफ़्त में लेने से मना कर दिया और इसके बदले में पैसे दिए। उन्होंने बताया "बुजुर्ग दंपति ने पहले मुझे 1,100 रुपये और फिर कुछ खुले सिक्के दिए। महिला ने अपने बैग से 10 और 20 रुपये के कुछ नोट भी निकाले। मैंने कुछ भी लेने से मना कर दिया, लेकिन वे पैसे देने पर अड़े रहे।" आखिरकार, उन्होंने आशीर्वाद के तौर पर पति-पत्नी दोनों से 10-10 रुपये ले लिए और करीब 3,000 रुपये की कीमत का एक ग्राम सोने का पानी चढ़ा हुआ मंगलसूत्र उन्हें सौंप दिया। उन्होंने कहा, "मैंने आशीर्वाद के तौर पर उनसे सिर्फ़ 20 रुपये लिए और दंपत्ति को मंगलसूत्र सौंप दिया क्योंकि मैं उनके इस व्यवहार से अभिभूत था।" उन्होंने यह भी बताया कि दंपत्ति ने अपना घर छोड़ दिया है क्योंकि उनका इकलौता बेटा कथित तौर पर शराबी है। वे सड़कों पर जी रहे हैं और अक्सर लोगों की सद्भावना पर निर्भर रहते हैं।
पंढरपुर की पैदल यात्रा पर है दंपति
रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के जालना जिले के अंभोरा जहांगीर गांव के एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले निवृत्ति शिंदे और उनकी पत्नी शांताबाई फिलहाल आषाढ़ी एकादशी मनाने के लिए पंढरपुर की पैदल यात्रा पर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह जोड़ा हमेशा साथ-साथ यात्रा करता था और इस उम्र में भी एक-दूसरे का साथ देता था।
बुजुर्ग ने क्या बताया?
वीडियो में वायरल हुए महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले बुजुर्ग निवृत्ति शिंदे ने वायरल वीडियो पर बयान दिया है। उन्होंने बताया- "मैं बीते 15 साल से अपनी पत्नी से कह रहा था कि मैं उसे कुछ सोने के आभूषण दिलाऊंगा। लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाया। जब हम ज्वैलरी शॉप पर गए तो मालिक ने हमें मुफ्त में मंगलसूत्र दे दिया। इससे हम काफी खुश हुए।"
ये भी पढ़ें:-
ज्वेलरी शॉप पर वायरल हुए बुजुर्ग का सामने आया बयान, बोले- '15 साल से पत्नी को गहने दिलाना चाहता था'