रेनॉ इंडिया ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर नई Renault Duster 2026 को लॉन्च कर दिया। इस एसयूवी की शुरुआती कीमत ₹10.49 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि खास R-Pass प्री-बुकिंग ऑफर के तहत इसे ₹10.29 लाख (एक्स-शोरूम) में बुक किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, इसकी डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि E-Tech 160 स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट दिवाली 2026 के आसपास उपलब्ध कराया जाएगा। मिडसाइज SUV सेगमेंट में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इसकी कीमत को काफी अहम माना जा रहा है। कंपनी एसयूवी पर 7 साल की वारंटी भी ऑफर कर रही है। कंपनी का कहना है कि इंडस्ट्री में इतनी वारंटी मिलना पहली बार है।
जान लीजिए बुकिंग अमाउंट
नई Renault Duster 2026 को खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। इस एसयूवी की बुकिंग अब सिर्फ ₹21,000 में शुरू हो चुकी है। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार Renault India की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा, देशभर में मौजूद नजदीकी अधिकृत डीलरशिप पर जाकर भी इस SUV को आसानी से बुक किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि नई Duster को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, और इसकी शुरुआती कीमत व दमदार फीचर्स इसे मिडसाइज SUV सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनाते हैं।

R Pass की प्री-बुकिंग
R-Pass होल्डर्स के लिए, बेस वेरिएंट की कीमत 10.29 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू है और टॉप-मोस्ट Iconic ट्रिम के लिए 18.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। जो कोई भी कम शुरुआती कीमत पर कार बुक करना चाहता है, उनके लिए R-Pass की प्री-बुकिंग 31 मार्च तक खुली रहेगी।

डिजाइन
नई Duster का डिजाइन पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूत और बॉक्सी रखा गया है। इसमें स्क्वेयर्ड व्हील आर्च, मजबूत बॉडी क्लैडिंग और बोल्ड फ्रंट फेसिया के साथ LED लाइटिंग दी गई है। ये बदलाव SUV की रोड प्रेजेंस को और दमदार बनाते हैं, साथ ही इसकी पुरानी पहचान भी बरकरार रखते हैं।
पावरट्रेन
नई Duster में दो पेट्रोल इंजन ऑप्शन हैं:
1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन
1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन
ट्रांसमिशन के लिए ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल, CVT और 6-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक विकल्प मिलेंगे। कंपनी साल के अंत में फेस्टिव सीजन के दौरान 1.8-लीटर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड वेरिएंट भी लॉन्च करेगी, जो केवल ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा। नई Duster अपने दमदार डिजाइन, इंजन विकल्प और प्रतिस्पर्धी कीमत के साथ भारतीय बाजार में एक बार फिर मजबूत वापसी करने की तैयारी में है।






































