1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आयकर विभाग के नये पोर्टल के इस सप्ताह से सुचारू रूप से काम करने की उम्मीद: इन्फोसिस

आयकर विभाग के नये पोर्टल के इस सप्ताह से सुचारू रूप से काम करने की उम्मीद: इन्फोसिस

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 09, 2021 05:57 pm IST,  Updated : Jun 09, 2021 05:57 pm IST

सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस ने बुधवार को आयकर विभाग की नई ई-फाइलिंग वेबसाइट की समस्याएं इस सप्ताह दूर होने और उसके सुचारू रूप से काम करने की उम्मीद जतायी है।

आयकर विभाग के नये पोर्टल के इस सप्ताह से सुचारू रूप से काम करने की उम्मीद: इन्फोसिस- India TV Hindi
आयकर विभाग के नये पोर्टल के इस सप्ताह से सुचारू रूप से काम करने की उम्मीद: इन्फोसिस Image Source : INCOME TAX

नयी दिल्ली: सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस ने बुधवार को आयकर विभाग की नई ई-फाइलिंग वेबसाइट की समस्याएं इस सप्ताह दूर होने और उसके सुचारू रूप से काम करने की उम्मीद जतायी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के एक दिन पहले इन्फोसिस से नई ई-फाइलिंग वेबसाइट में आ रही तकनीकी खामियों को लेकर कहे जाने के बाद कंपनी ने यह बात कही। 

उल्लेखनीय है कि सीतारमण ने मंगलवार को इन्फोसिस और उसके चेयरमैन नंदन निलेकणि से आयकर विभाग की नई ई-फाइलिंग वेबसाइट में आ रही तकनीकी खामियों को दूर करने को कहा। ट्विटर पर भारी संख्या में उपयोगकर्ताओं की शिकायतों के बाद वित्त मंत्री ने यह कदम उठाया। इन्फोसिस ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा है, ‘‘हमारी टीम तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिये काम कर रही है। हमें उम्मीद है कि इस सप्ताह वेबसाइट सुचारू रूप से काम करने लगेगी।’’ 

इन्फोसिस को 2019 में अगली पीढ़ी की आयकर फाइलिंग प्रणाली तैयार करने का अनुबंध दिया गया था। इसका मकसद रिटर्न की प्रसंस्करण प्रक्रिया में लगने वाले 63 दिन के समय को कम कर एक दिन करने और ‘रिफंड’ प्रकिया को तेज करना है। वित्त मंत्री ने मंगलवार सुबह ट्विटर के जरिये आयकर फाइलिंग का नया पोर्टल शुरू किये जाने की घोषणा की थी। लेकिन कुछ ही समय बाद उनके ट्विटर टाइमलाइन पर उपयोगकर्ताओं की कई शिकायतें आने लगीं थीं। 

बाद में सीतारमण ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मैंने अपने टाइमलाइन पर तकनीकी खामियों के बारे में शिकायतें देखी हैं। उम्मीद है कि इन्फोसिस और नंदन निलेकणि प्रदान की जा रही सेवा की गुणवत्ता में हमारे करदाताओं को निराश नहीं करेंगे।’’ बाद में, देर शाम सीतारमण के ट्वीट का जवाब देते हुए निलेकणि ने लिखा कि पहले दिन कुछ तकनीकी मसले आये हैं और इन्फोसिस उसके समाधान के लिये काम कर रही है। 

निलेकणि ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘नया ई-फाइलिंग पोर्टल कर रिटर्न फाइल करने की प्रक्रिया सुगम बनाएगा और उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव मिलेगा। पहले दिन कुछ तकनीकी मसले आये हैं और इन्फोसिस उसके समाधन के लिये काम कर रही है। इन्फोसिस को तकनीकी खामियों को लेकर अफसोस है और सप्ताह के दौरान प्रणाली सुचारू हो जाएगी।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा