1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अगस्त के पहले सप्ताह में बिजली की खपत 9 प्रतिशत बढ़कर 28.08 अरब यूनिट पर

अगस्त के पहले सप्ताह में बिजली की खपत 9 प्रतिशत बढ़कर 28.08 अरब यूनिट पर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 08, 2021 02:48 pm IST,  Updated : Aug 08, 2021 03:40 pm IST

अगस्त के पहले सप्ताह में व्यस्त समय की पूरी की गई बिजली की मांग या दिन में बिजली की सबसे अधिक आपूर्ति 188.59 गीगावॉट की रही। जो पिछले साल से 14 प्रतिशत अधिक है।

देश में बढ़ी बिजली की...- India TV Hindi
देश में बढ़ी बिजली की खपत Image Source : PIXABAY

नई दिल्ली। राज्यों द्वारा लॉकडाउन अंकुशों में ढील के बाद से देश में बिजली की खपत अगस्त के पहले सप्ताह में 9.3 प्रतिशत बढ़कर 28.08 अरब यूनिट (बीयू) पर पहुंच गयी। बिजली मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। एक से सात अगस्त, 2020 के दौरान बिजली की खपत 25.69 अरब यूनिट रही थी। यह महामारी से पहले एक से सात अगस्त, 2019 में 25.18 अरब यूनिट रही थी। पिछले साल पूरे अगस्त माह में बिजली की खपत 109.21 अरब यूनिट रही थी, जो 2019 के अगस्त के 111.52 अरब यूनिट के आंकड़े से कम है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह में बिजली की मांग में सतत सुधार हुआ है तथा राज्यों द्वारा अंकुशों में ढील के बाद आर्थिक गतिविधियों में तेजी से बिजली की मांग और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में वाणिज्यिक एवं औद्योगिक मांग से बिजली की मांग तथा खपत में और सुधार देखने को मिलेगा। इस साल अप्रैल से बिजली की व्यावसायिक तथा औद्योगिक मांग राज्यों द्वारा लगाए गए अंकुशों से प्रभावित हुई थी। अगस्त के पहले सप्ताह में व्यस्त समय की पूरी की गई बिजली की मांग या दिन में बिजली की सबसे अधिक आपूर्ति 188.59 गीगावॉट की रही। यह पिछले साल समान अवधि में दर्ज 165.42 गीगावॉट के आंकड़े से 14 प्रतिशत अधिक है। अगस्त, 2020 के पूरे महीने में व्यस्त समय की पूरी की गई बिजली की मांग 167.52 गीगावॉट थी। यह 2019 के समान महीने के 177.52 गीगावॉट के आंकड़े से कम है। 

इससे पहले जुलाई में बिजली की व्यस्त समय में अधिकतम मांग रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुची थी। बिजली की व्यस्त समय की सबसे ऊंची मांग जुलाई महीने में 2,00,570 मेगावॉट रही, जो एक नया रिकॉर्ड है और यह एक साल पहले के इसी महीने की तुलना में 17.6 प्रतिशत अधिक है। बिजली मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक देश में सात जुलाई 2021 को दोपहर 12:01 बजे बिजली की अब तक की सर्वाधिक मांग दर्ज की गई। बयान के मुताबिक जुलाई, 2021 में प्रतिदिन औसत ऊर्जा उपभोग जुलाई, 2020 की तुलना में 10.6 प्रतिशत अधिक था। समीक्षाधीन माह में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भी उल्‍लेखनीय वृद्धि हुई। जुलाई, 2021 में औसत सौर ऊर्जा उत्‍पादन 15.8 करोड़ यूनिट प्रतिदिन दर्ज किया गया, जो जुलाई 2020 की तुलना में 7.6 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह औसत पवन ऊर्जा उत्‍पादन 34.9 करोड़ यूनिट प्रतिदिन रहा, जो जुलाई 2020 की तुलना में 64.5 प्रतिशत अधिक है।

 

यह भी पढ़ें: इस हफ्ते आपके पास कमाई के 4 मौके, पढ़ें सभी जरूरी बातें और उठायें पूरा फायदा 

यह भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: रविवार को मिली राहत, जारी हुए आज के लिये तेल के दाम

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा