नई दिल्ली। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने गुरुवार को कहा कि उसके प्रमुख रॉबर्ट एजेवेदो 31 अगस्त को अपने पद से हट जाएंगे। वह व्यक्तिगत कारणों से अपना पद कार्यकाल समाप्त होने से एक साल पहले छोड़ रहे हैं।
Related Stories
जिनेवा स्थित विश्व व्यापर निकाय के संस्थापक सदस्यों में भारत भी शामिल है। डब्ल्यूटीओ को वैश्विक निर्यात और आयात के लिए नियम बनाने की जिम्मेदारी मिली हुई है।
डब्ल्यूटीओ ने एक बयान में कहा कि संगठन के सभी सदस्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई एक बैठक में रॉबर्ट एजेवेदो ने घोषणा की है कि वह 31 अगस्त को पद से हट जाएंगे। वह अपना दूसरा कार्यकाल समाप्त होने से ठीक एक साल पहले पद छोड़ रहे हैं।
एजेवेदो ने कहा कि समय से पहले उनके जाने की सूचना से सदस्य देश उनके उत्तराधिकारी का चयन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यक्तिगत फैसला है। एजेवेदो ने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि इसका कारण कोई स्वास्थ्य का मसला नहीं है और न ही मैं कोई राजनीतिक अवसर देख रहा हूं।