1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 1 सितंबर से हेल्थ इंश्योरेंस पर नहीं मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा! इस कंपनी के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर

1 सितंबर से हेल्थ इंश्योरेंस पर नहीं मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा! इस कंपनी के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 23, 2025 11:52 am IST,  Updated : Aug 23, 2025 11:52 am IST

AHPI ने आरोप लगाया कि बजाज आलियांज ने कई सालों पुराने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अस्पतालों को भुगतान दरें तय कर रखी हैं और बढ़ती चिकित्सा लागत के अनुरूप इसमें बदलाव करने से इनकार कर रही है।

bajaj allianz, bajaj allianz insurance, bajaj allianz health insurance, health insurance, cashless t- India TV Hindi
एएचपीआई ने 22 अगस्त को केयर हेल्थ इंश्योरेंस को भी भेजा था नोटिस Image Source : FREEPIK

अगर आपने एक खास इंश्योरेंस कंपनी से अपनी फैमिली के लिए हेल्थ इंश्योरेंस प्लान खरीदा है तो ये खबर आपके लिए एक बुरी खबर हो सकती है। जी हां, अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के एसोसिएशन AHPI ने उत्तर भारत में अपने मेंबर हॉस्पिटल्स को 1 सितंबर से बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस के पॉलिसीहोल्डर्स को कैशलेस इलाज की सुविधा बंद करने की सलाह दी है। बजाज आलियांज ने इस कदम पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि वे हमेशा ग्राहकों को सर्वोत्तम अनुभव दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और मामले का हल निकालने के लिए एएचपीआई के साथ काम कर रहे हैं। 

AHPI ने बजाज आलियांज पर लगाया ये बड़ा आरोप

एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स-इंडिया (AHPI) ने आरोप लगाया कि बजाज आलियांज ने कई सालों पुराने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अस्पतालों को भुगतान दरें तय कर रखी हैं और बढ़ती चिकित्सा लागत के अनुरूप इसमें बदलाव करने से इनकार कर रही है। देशभर के 15,200 अस्पतालों का प्रतिनिधित्व करने वाले AHPI ने कहा कि हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ मनमाने ढंग से कटौती करने, पेमेंट में देरी और पूर्व-अनुमति देने में लंबा समय लगाने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं। एएचपीआई के महानिदेशक गिरधर ग्यानी ने कहा कि मेडिकल सेक्टर में इनपुट लागत बढ़ने से हर साल 7-8 प्रतिशत महंगाई रहती है, लिहाजा पुराने फीस स्ट्रक्चर के साथ काम करना असंभव है। 

एएचपीआई ने 22 अगस्त को केयर हेल्थ इंश्योरेंस को भी भेजा था नोटिस

गिरधर ग्यानी ने कहा कि दरों में बढ़ोतरी न होने से मरीजों की देखभाल की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। एएचपीआई के इस कदम पर बजाज आलियांज के सामान्य बीमा प्रमुख (स्वास्थ्य बीमा) भास्कर नेरुरकर ने कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि हम एएचपीआई और उसके सदस्य अस्पतालों के साथ मिलकर सौहार्दपूर्ण ढंग से काम करेंगे और ऐसे समाधान पर पहुंचेंगे जो हमारे ग्राहकों के सर्वोत्तम हित में होगा।’’ एएचपीआई ने 22 अगस्त को केयर हेल्थ इंश्योरेंस को भी इसी तरह का नोटिस भेजकर 31 अगस्त तक जवाब मांगा है। जवाब न मिलने पर उसके पॉलिसीहोल्डर्स के लिए भी कैशलेस इलाज की सुविधा रोक दी जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा