1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. AC रूम में आराम कर सकेंगे डिलीवरी बॉयज, भीषण गर्मी से राहत देने के लिए कंपनियों ने किए कई तरह के इंतजाम

AC रूम में आराम कर सकेंगे डिलीवरी बॉयज, भीषण गर्मी से राहत देने के लिए कंपनियों ने किए कई तरह के इंतजाम

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 04, 2026 08:08 am IST,  Updated : May 04, 2026 08:08 am IST

अमेजन ने 'प्रोजेक्ट आश्रय' के तहत प्रमुख शहरों में 100 वातानुकूलित विश्राम केंद्र शुरू किए हैं, जहां बैठने की सुविधा, शौचालय और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है।

Delivery boys, gig workers, amazon, zomato, swiggy, zepto, blinkit- India TV Hindi
जोमैटो और ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना Image Source : AMAZON INDIA

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स से जुड़े लाखों गिग वर्कर की कार्य परिस्थितियां फिर चर्चा में हैं। बड़े-बड़े शहरों में भीषण गर्मी के बीच बाइक-स्कूटर पर डिलीवरी करने वाले इन कर्मचारियों को पानी की कमी, थकावट और लू लगने का ज्यादा खतरा रहता है। समय पर डिलीवरी के दबाव और तय लक्ष्यों के कारण उन्हें दिन के सबसे गर्म समय में भी काम करना पड़ता है, जबकि रास्ते में पीने के साफ पानी और छाया जैसी सुविधाएं अक्सर उपलब्ध नहीं होतीं। गिग वर्कर की इन परिस्थितियों को देखते हुए ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन, जोमैटो, स्विगी और जेप्टो जैसी प्रमुख कंपनियों ने राहत देने के लिए कई विशेष उपायों की घोषणा की है।

अमेजन ने प्रमुख शहरों में शुरू किए वातानुकूलित विश्राम केंद्र

अमेजन ने 'प्रोजेक्ट आश्रय' के तहत प्रमुख शहरों में 100 वातानुकूलित विश्राम केंद्र शुरू किए हैं, जहां बैठने की सुविधा, शौचालय और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। कंपनी के अनुसार, इन केंद्रों का इस्तेमाल दूसरी कंपनियों के डिलीवरी बॉयज भी कर सकते हैं। कंपनी ने कहा कि इन केंद्रों पर हर महीने डेढ़ लाख से ज्यादा डिलीवरी बॉयज को पीने का पानी, मोबाइल चार्जिंग और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही, देशभर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जहां डॉक्टर उन्हें गर्मी से बचाव के उपाय बताते हैं। इसी तरह, जोमैटो ने अपने रेस्टॉरेंट पार्टनर और अन्य कंपनियों के साथ मिलकर 5,000 से ज्यादा विश्राम स्थल तैयार किए हैं, जहां छाया और पानी की सुविधा उपलब्ध है।

जोमैटो और ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना

जोमैटो और ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज को स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अस्पताल में भर्ती सहित उपचार सुविधाएं भी दी जा रही हैं। टाटा ग्रुप के बिगबास्केट ने अपने केंद्रों पर विश्राम स्थल बनाए हैं, जहां बैठने, हवा और पेयजल की व्यवस्था है। जेप्टो अपने गोदामों और केंद्रों को उन्नत कर रही है, जहां ठंडक के लिए कूलर और गर्मी से बचाव के उपाय किए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार, सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और विश्राम की सुविधा उपलब्ध है तथा लू और पानी की कमी जैसी बीमारियों के लिए बीमा भी दिया जा रहा है। कुछ कंपनियां पहनने योग्य राहत साधनों पर भी काम कर रही हैं। स्विगी और अन्य कंपनियों ने ठंडक देने वाले खास जैकेट उपलब्ध कराए हैं, जिनसे शरीर का तापमान कुछ समय के लिए कम किया जा सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा