देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ लिमिटेड ने मुंबई बाजार में फिर से एंट्री कर ली है। कंपनी मुंबई के अंधेरी (वेस्ट) इलाके में एक लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट लॉन्च कर रही है, जिसमें वह करीब ₹900 करोड़ का निवेश करेगी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, डीएलएफ को इस प्रोजेक्ट से लगभग ₹2,300 करोड़ का राजस्व मिलने की उम्मीद है। डीएलएफ होम डेवलपर्स के जॉइंट एमडी आकाश ओहरी ने बताया कि कंपनी ने 'वेस्टपार्क' नाम से यह प्रोजेक्ट लॉन्च किया है, जिसमें कुल 416 अपार्टमेंट होंगे।
Related Stories
कितनी है फ्लैट की कीमत
खबर के मुताबिक, ओहरी ने बताया कि फ्लैट की कीमत 4 से 7.5 करोड़ रुपये की रेंज में है। इसकी कीमत ₹42,000–₹47,000 प्रति वर्गफुट की कीमत रखी गई है। यह प्रोजेक्ट 5.18 एकड़ क्षेत्र में फैला है। इस परियोजना में शुरुआती प्रतिक्रिया बहुत उत्साहजनक रही है। कंपनी की योजना है कि वह पहले चरण में करीब 200 यूनिट बेचे, लेकिन अगर मांग अधिक रही तो सभी 416 फ्लैट्स भी बेचे जा सकते हैं।
ट्राइडेंट ग्रुप के साथ साझेदारी
डीएलएफ इस प्रोजेक्ट को एनसीआर बेस्ड ट्राइडेंट ग्रुप के साथ साझेदारी में विकसित कर रही है। इस स्पेशल पर्पज़ व्हीकल (SPV) में DLF की 51% और ट्राइडेंट की 49% हिस्सेदारी है।
यह एक स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) प्रोजेक्ट है। गौरतलब है कि DLF ने 2012 में मुंबई में अपनी 17 एकड़ जमीन ₹2,700 करोड़ में लोढ़ा ग्रुप को बेच दी थी। उस समय कंपनी ने अक्रुति सिटी के साथ भी कुछ प्रोजेक्ट्स के लिए जॉइंट वेंचर किया था, लेकिन वे लॉन्च नहीं हो सके।
DLF की रिकॉर्ड ब्रेकिंग बिक्री
वित्त वर्ष 2024-25 में DLF ने अब तक का रिकॉर्ड ₹21,223 करोड़ की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के ₹14,778 करोड़ से 44% अधिक है। कंपनी के एमडी अशोक त्यागी ने चालू वित्त वर्ष के लिए ₹20,000–₹22,000 करोड़ की बिक्री का अनुमान जताया है। हाल ही में कंपनी ने गुरुग्राम में 'DLF Privana North' प्रोजेक्ट लॉन्च कर पूरी तरह से बेच दिया। इस 17.7 एकड़ की परियोजना में 1,164 फ्लैट्स शामिल थे और इसे ₹11,000 करोड़ में पूरी तरह से बुक किया गया। इसके विकास में कंपनी ₹5,500 करोड़ का निवेश कर रही है।
इस एक प्रोजेक्ट से ही DLF ने सालाना बिक्री लक्ष्य का 50% हासिल कर लिया है।