1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोना लगातार तीसरे दिन हुआ सस्ता, वहीं चांदी ने लगाई ₹2300 की छलांग; जानें 24 कैरेट गोल्ड का रेट

सोना लगातार तीसरे दिन हुआ सस्ता, वहीं चांदी ने लगाई ₹2300 की छलांग; जानें 24 कैरेट गोल्ड का रेट

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Sep 09, 2026 08:58 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 08:58 pm IST

बुधवार को सोना लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में सस्ता हुआ, जबकि चांदी ने तेजी का सिलसिला जारी रखते हुए एक ही दिन में ₹2,300 की जोरदार छलांग लगा दी। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में मामूली गिरावट आई, लेकिन चांदी की कीमत ने निवेशकों और खरीदारों का ध्यान खींचा है।

सोने का भाव फिसला तो...- India TV Hindi
सोने का भाव फिसला तो चांदी ने पकड़ी रफ्तार Image Source : CANVA

सोने-चांदी की कीमतों में बुधवार को एक बार फिर बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोना लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में सस्ता हुआ, जबकि चांदी ने इसके बिल्कुल उलट तेजी जारी रखी। दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना ₹100 गिरकर ₹1,58,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं चांदी की कीमत में एक ही दिन में ₹2,300 का जबरदस्त उछाल आया और यह ₹2,43,400 प्रति किलोग्राम पहुंच गई। ऐसे में सोना खरीदने वालों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन चांदी की कीमत ने खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है।

लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना ₹1,58,100 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को इसमें ₹100 की गिरावट दर्ज की गई और भाव ₹1,58,000 रह गया। सोने में यह लगातार तीसरे दिन की गिरावट है। स्थानीय बाजारों में मांग कमजोर रहने को भी इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है। निवेशक भी फिलहाल सावधानी बरत रहे हैं और अमेरिका से आने वाले महंगाई के महत्वपूर्ण आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं।

चांदी ने लगाई ₹2,300 की छलांग

सोने के विपरीत चांदी ने लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की। बुधवार को चांदी ₹2,300 महंगी होकर ₹2,43,400 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मंगलवार को इसका भाव ₹2,41,100 प्रति किलोग्राम था। यानी एक ही दिन में चांदी के दाम में बड़ी तेजी आई। वैश्विक बाजार में भी चांदी करीब 1 फीसदी मजबूत होकर 66.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इससे घरेलू बाजार में भी चांदी की कीमतों को सहारा मिला।

24 कैरेट गोल्ड का क्या है रेट?

दिल्ली के बाजार में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना, यानी करीब 24 कैरेट गोल्ड, ₹1,58,000 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, अलग-अलग शहरों और ज्वेलरी दुकानों पर कीमत में थोड़ा अंतर हो सकता है। आभूषण खरीदते समय मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क अलग से जुड़ते हैं।

अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर नजर

इस हफ्ते अमेरिका के PPI और CPI महंगाई आंकड़े सोने की अगली चाल के लिए काफी महत्वपूर्ण रहेंगे। इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों पर असर पड़ सकता है।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- गणेश चतुर्थी पर DDA का बड़ा तोहफा, 25% छूट के साथ मिलेंगे 544 रेडी-टू-मूव फ्लैट; 14 सितंबर से शुरू होगी बुकिंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा