1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold rate today: सोना आज 1800 रुपये और महंगा हुआ, 10 ग्राम की कीमत 1 लाख के पार, जानें लेटेस्ट रेट

Gold rate today: सोना आज 1800 रुपये और महंगा हुआ, 10 ग्राम की कीमत 1 लाख के पार, जानें लेटेस्ट रेट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 22, 2025 03:34 pm IST,  Updated : Apr 22, 2025 04:00 pm IST

दिसंबर, 2024 से सोना 22,650 रुपये प्रति 10 ग्राम या लगभग 29 प्रतिशत महंगा हुआ है। इस बीच, मंगलवार को चांदी की कीमतें 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं।

Gold rate today- India TV Hindi
सोना Image Source : FILE

Gold rate today: सोने का दाम बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। आज सोना फिर 1800 रुपये महंगा हो गया है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है। इस बीच, अक्षय तृतीया और शादी-विवाह के सीजन में मांग बढ़ने की उम्मीद के चलते इस कीमती धातु को समर्थन मिला। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,800 रुपये चढ़कर 1,01,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया। सोना सोमवार को 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अक्षय तृतीया 30 अप्रैल को है, जिसे सोना खरीदने के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है। देश में शादी का सीजन मई के अंत तक जारी रहेगा। दिसंबर, 2024 से सोना 22,650 रुपये प्रति 10 ग्राम या लगभग 29 प्रतिशत महंगा हुआ है। इस बीच, मंगलवार को चांदी की कीमतें 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। 

क्यों बढ़ी सोने की कीमत 

वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ रही है, जिसके कारण सोने में लगातार तेजी बनी हुई है। इसके चलते सोने के दाम में उछाल देखने को मिल रहा है। दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोने की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं डॉलर कमजोर हो रहा है। ये सारे फैक्टर मिलकर सोने का दाम बढ़ा रहे हैं।  

पिछले एक साल में 28% का बंपर रिटर्न 

अगर पिछले एक साल की बात करें तो सोने ने अपने निवेशकों को 28% से अधिक रिटर्न दिया है। ऐसे में अगर किसी निवेशक ने एक साल पहले सोने में 100000 रुपये निवेश किया होगा तो उसका पैसा आज की तारीख में बढ़कर ₹128000 हो गया होगा। आपको बता दें कि 2025 में अभीतक सोने ने लगभग 12% का रिटर्न दिया है। वहीं, 2024 में सोने ने 20.3% का रिटर्न दिया था। आपको बता दें कि पिछले 25 साल में सोने ने केवल दो बार निगेटिव रिटर्न दिया है। वहीं, 2005 से सोने का औसत रिटर्न  शेयर बाजार से बेहतर रहा है। 2000 से सोने ने शेयर बाजार से बेहतर रिटर्न दिया है, 2000 से 2,027% का रिटर्न दिया है, जबकि शेयर बाजार ने 1,470% का रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले एक साल में शेयर बाजार ने करीब 8% और एफडी ने निवेशकों को 6.8% का रिटर्न दिया है। 

क्या यह तेजी ऐसे ही जारी रहेगी? 

सर्राफा बाजार के विशेषज्ञों का कहना है कि यह तेजी हमेशा के लिए जारी नहीं रहेगी। सोने में भी गिरावट आएगी। हालांकि, यह कब होगा, अभी कहना मुश्किल है। हां, अगर अमेरिका और चीन में जारी ट्रेड वॉर खत्म हो जाता है तो सोने में मुनाफावसूली आ सकती है। सोने का भाव टूटकर 83,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है। एक्सपार्ट का मनना है कि अमेरिका-चीन और अन्य देशों के बीच सकारात्मक व्यापार वार्ता सोने की तेजी पर ब्रेक लगाएगा। हालांकि, सोने को 89700 ($3080), 86500 ($2975), 83700 ($2865) के स्तर पर मजबूत समर्थन है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा