1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली हवाई अड्डे पर इंडिगो का संकट! सभी घरेलू उड़ानें शुक्रवार रात तक रद्द; एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली हवाई अड्डे पर इंडिगो का संकट! सभी घरेलू उड़ानें शुक्रवार रात तक रद्द; एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जारी की एडवाइजरी

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Dec 05, 2025 12:04 pm IST,  Updated : Dec 05, 2025 12:04 pm IST

दिल्ली हवाई अड्डे से इंडिगो की सभी घरेलू उड़ानें शुक्रवार मध्यरात्रि तक रद्द कर दी गई हैं, जिससे देशभर के एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट शेड्यूल की पुष्टि पहले ही कर लें।

दिल्ली से Indigo की सभी...- India TV Hindi
दिल्ली से Indigo की सभी उड़ानें रद्द Image Source : ANI

इंडिगो एयरलाइन पर संकट के बादल कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। दिल्ली हवाई अड्डे से शुक्रवार रात तक सभी घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट ऑपरेटर DIAL ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को अपने फ्लाइट शेड्यूल की पुष्टि करने और यात्रा में होने वाली संभावित असुविधाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

देशभर में उड़ानों में भारी व्यवधान

PTI के मुताबिक, शुक्रवार को देशभर में 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को लंबी वेटिंग करनी पड़ी। इंडिगो की ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 4 दिसंबर 2025 तक मात्र 8.5% रह गई है, जो एयरलाइन की लगातार बिगड़ती स्थिति को दर्शाता है।

बेंगलुरु, हैदराबाद में भी बुरा हाल

बेंगलुरु में शुक्रवार सुबह 100 से अधिक फ्लाइट्स रद्द हुईं, जबकि हैदराबाद एयरपोर्ट पर 90 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित रहीं। अन्य एयरपोर्ट्स पर भी देरी और रद्दीकरण की खबरें सामने आईं। एयरलाइन की ऑपरेशनल चुनौतियों में कैबिन क्रू की कमी और अन्य आंतरिक समस्याएं मुख्य कारण बताई जा रही हैं।

यात्री परेशान, बैगेज का भी संकट

फंसे हुए यात्रियों ने शिकायत की कि उन्हें ना केवल फ्लाइट कैंसल होने का झटका लगा बल्कि बैगेज की जानकारी भी नहीं दी जा रही थी। कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, और कुछ ने कहा कि उन्हें रिफंड मिलने में भी देरी हो रही है।

बाजार पर असर

इंडिगो की लगातार उड़ानों में रद्दीकरण का असर शेयर बाजार पर भी पड़ा। शुक्रवार को BSE पर इंडिगो का शेयर 5298.5 पर बंद ट्रेड कर रहा है, जो पिछले दिन की तुलना में 2.5% गिरावट है। निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है और विश्लेषकों का कहना है कि यदि बड़े पैमाने पर रद्दीकरण जारी रहता है तो शेयर कीमत में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

एयरलाइन की चुनौती

विशेषज्ञों का कहना है कि इंडिगो को अपने शेड्यूल को स्थिर करने के लिए फुर्ती और एक्स्ट्रा क्रू व्यवस्था करनी होगी। मौजूदा समय में एयरलाइन का नेटवर्क प्रबंधन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है और यात्रियों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा