1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नवी मुंबई एयरपोर्ट पर विदेशी उड़ानों को मिलेगा बड़ा फायदा, पूरे 1 साल तक लैंडिंग चार्ज फ्री

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर विदेशी उड़ानों को मिलेगा बड़ा फायदा, पूरे 1 साल तक लैंडिंग चार्ज फ्री

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Sep 10, 2026 04:32 pm IST,  Updated : Sep 10, 2026 04:32 pm IST

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंटरनेशनल उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। एयरपोर्ट टैरिफ रेगुलेटर AERA ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लैंडिंग चार्ज में बड़ी छूट को मंजूरी दी है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर...- India TV Hindi
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर विदेशी उड़ानों से एक साल तक नहीं वसूली जाएगी लैंडिंग फीस Image Source : CANVA

मुंबई में एयर ट्रैफिक का दबाव कम करने और नवी मुंबई को इंटरनेशनल एयर कनेक्टिविटी का बड़ा हब बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विदेशी उड़ानें शुरू करने वाली एयरलाइंस को अब शुरुआती वर्षों में लैंडिंग चार्ज पर बड़ी राहत मिलेगी। एयरपोर्ट टैरिफ रेगुलेटर AERA ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए लैंडिंग चार्ज में छूट को मंजूरी दी है।

AERA के फैसले के मुताबिक, नवी मुंबई एयरपोर्ट से शुरू होने वाली नई शॉर्ट-हॉल और लॉन्ग-हॉल इंटरनेशनल उड़ानों के लिए पहले साल लैंडिंग चार्ज पूरी तरह माफ रहेगा। यानी इन रूट्स पर एयरलाइंस को विमान उतारने के लिए लैंडिंग फीस नहीं देनी होगी। शॉर्ट-हॉल में 5,000 किलोमीटर तक की दूरी वाले रूट शामिल हैं, जबकि 5,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले रूट लॉन्ग-हॉल माने जाएंगे। दूसरे साल लैंडिंग चार्ज में 50 फीसदी की छूट मिलेगी। वहीं, लॉन्ग-हॉल इंटरनेशनल सेवाओं को तीसरे साल 25 फीसदी की छूट दी जाएगी।

एक्स्ट्रा उड़ानों पर भी मिलेगी छूट

सिर्फ नई इंटरनेशनल सेवाओं को ही फायदा नहीं मिलेगा, बल्कि मौजूदा इंटरनेशनल रूट पर एक्स्ट्रा फ्लाइट्स शुरू करने वाली एयरलाइंस को भी राहत दी जाएगी। पहले साल एक्स्ट्रा शॉर्ट-हॉल उड़ानों पर लैंडिंग चार्ज में 50 फीसदी और लॉन्ग-हॉल उड़ानों पर 75 फीसदी की छूट मिलेगी। इंटरनेशनल कार्गो यानी फ्रेटर सेवाओं के लिए भी बड़ी राहत है। पहले साल विदेशी फ्रेटर विमानों के लैंडिंग चार्ज में 90 फीसदी की छूट और दूसरे साल 50 फीसदी की छूट मिलेगी।

मुंबई एयरपोर्ट से अलग होगा नया नियम

इस फैसले का सबसे बड़ा बदलाव रूट की पात्रता को लेकर है। पहले छूट का नियम पूरे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन यानी MMR में नए रूट के आधार पर लागू होता था। इसका मतलब था कि जो इंटरनेशनल रूट पहले से मुंबई एयरपोर्ट से चल रहा है, उसे नवी मुंबई एयरपोर्ट पर छूट नहीं मिलती थी। अब नियम बदल गया है। नवी मुंबई एयरपोर्ट से शुरू होने वाला कोई भी इंटरनेशनल रूट लैंडिंग चार्ज में छूट के लिए पात्र होगा, भले ही वही रूट मुंबई एयरपोर्ट से पहले से संचालित हो रहा हो।

विदेशी कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर

AERA ने 8 सितंबर के अपने आदेश में एयरपोर्ट के वेरिएबल ट्रैफिक प्लान में बदलाव को मंजूरी दी है। इसका मकसद एयरलाइंस को नवी मुंबई से नई इंटरनेशनल सेवाएं शुरू करने और उन्हें लंबे समय तक जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। आपको बता दें कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर 2025 को हुआ था और यहां से कमर्शियल ऑपरेशन 25 दिसंबर 2025 से शुरू हुआ। इंटरनेशनल उड़ानों की शुरुआत 15 जुलाई को अबू धाबी जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से हुई थी। अब लैंडिंग चार्ज में इस बड़ी राहत से एयरपोर्ट पर आने वाले विदेशी रूट्स की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- अकासा एयर ने नोएडा एयरपोर्ट से बदला अपना प्लान, मुंबई की फ्लाइट होगी बंद; 1 अक्टूबर से नए शहर के लिए शुरू होगी उड़ान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा