1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सेंसेक्स की टॉप-10 में से छह कंपनियों का मार्केट कैप 1.36 लाख करोड़ घटा, रिलायंस ने दिया सबसे बड़ा झटका

सेंसेक्स की टॉप-10 में से छह कंपनियों का मार्केट कैप 1.36 लाख करोड़ घटा, रिलायंस ने दिया सबसे बड़ा झटका

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Aug 10, 2025 01:44 pm IST,  Updated : Aug 10, 2025 01:44 pm IST

शेयर बाजार में पिछले हफ्ते गिरावट रही। सेंसेक्स 742.12 अंक और निफ्टी 202.05 अंक टूटा। इसका असर सेंसेक्स की कंपनियों पर भी हुआ।

Sensex - India TV Hindi
सेंसेक्स Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी का सिलसिला जारी रहने की वजह से बीते सप्ताह देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 1.36 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा झटका लगा। बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स लगातार छठे सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ। पिछल हफ्ते सेंसेक्स 742.12 अंक यानी 0.92 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी में 202.05 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी दिग्गज कंपनियों के बाजार मूल्य में गिरावट दर्ज की गई। 

इन 4 कंपनियों ने टूटते बाजार में ​मुनाफा कराया

हालांकि, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और बजाज फाइनेंस को इस दौरान लाभ हुआ। सबसे अधिक गिरावट रिलायंस इंडस्ट्रीज को झेलनी पड़ी, जिसका बाजार पूंजीकरण 34,710.8 करोड़ रुपये घटकर 18,51,174.59 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 29,722.04 करोड़ रुपये घटकर 15,14,303.58 करोड़ रुपये रह गया। आईसीआईसीआई बैंक का पूंजीकरण भी 24,719.45 करोड़ रुपये घटकर 10,25,495.69 करोड़ रुपये और इन्फोसिस का 19,504.31 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,91,423.02 करोड़ रुपये रह गया। इस अवधि में भारती एयरटेल का पूंजीकरण 15,053.55 करोड़ रुपये घटकर 10,59,850.32 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का पूंजीकरण 12,441.09 करोड़ रुपये घटकर 5,87,021.88 करोड़ रुपये पर आ गया। 

दूसरी तरफ, एलआईसी की बाजार हैसियत 17,678.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5,77,187.67 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस दौरान टीसीएस का मूल्यांकन 11,360.8 करोड़ रुपये बढ़कर 10,97,908.66 करोड़ रुपये, एसबीआई का 9,784.46 करोड़ रुपये बढ़कर 7,42,649.34 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का 186.43 करोड़ रुपये बढ़कर 5,45,148.52 करोड़ रुपये हो गया। 

विदेशी निवेशकों की बिकवाली से मूड हुआ खराब

आपको बता दें कि अमेरिका के साथ व्यापार तनाव, पहली तिमाही में कंपनियों के कमजोर नतीजों और रुपये की कीमत में गिरावट की वजह से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने अगस्त महीने में अब तक भारतीय शेयर बाजार से करीब 18,000 करोड़ रुपये निकाल लिए हैं। इससे भारतीय बाजार में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। 

रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एलआईसी और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा