1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड वृद्धि, इतने अरब डॉलर के साथ अबतक के लाइफटाइम हाई पर पहुंचा

विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड वृद्धि, इतने अरब डॉलर के साथ अबतक के लाइफटाइम हाई पर पहुंचा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 24, 2024 06:19 pm IST,  Updated : May 24, 2024 06:19 pm IST

देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातर उछाल देखने को मिल रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था पर विदेशी निवेशकों के बढ़ते भरोसा को यह दर्शता है।

Forex Reserve- India TV Hindi
विदेशी मुद्रा भंडार Image Source : FILE

देश के विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले तीन हफ्ते से लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आपको बता दें कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 मई को समाप्त सप्ताह में 4.55 अरब डॉलर बढ़कर 648.7 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह विदेशी मुद्राभंडार में वृद्धि का लगातार तीसरा सप्ताह है। इससे पहले के सप्ताह में यह 2.56 अरब डॉलर बढ़कर 644.15 अरब डॉलर रहा था। पांच अप्रैल को समाप्त सप्ताह में यह 648.56 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। 

रिजर्व बैंक के आंकड़ों से मिली जानकारी 

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 17 मई को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.36 अरब डॉलर बढ़कर 569.01 अरब डॉलर हो गयी। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। 

स्वर्ण भंडार में भी उछाल 

रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 1.24 अरब डॉलर बढ़कर 57.19 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 11.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक के मुताबिक समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 16.8 करोड़ डॉलर घटकर 4.33 अरब डॉलर रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा