Silver and Gold Price Today: सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई को लेकर बढ़ती चिंताओं ने सोने और चांदी पर जबरदस्त दबाव बनाया। स्थानीय सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,100 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का भाव 1,59,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में 5000 रुपये की गिरावट
सोने की तरह ही चांदी की कीमतों में भी आज दबाव देखने को मिला। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 5,000 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी का भाव 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि कीमती धातुओं में ये गिरावट हाल में देखी जा रही कमजोरी का ही विस्तार है। निवेशक अब सुरक्षित निवेश के बजाय बढ़ती ऊर्जा कीमतों से महंगाई पर पड़ने वाले असर पर कहीं ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
उम्मीद से बेहतर आर्थिक आंकड़ों ने बढ़ाई महंगाई की चिंता
लेमन मार्केट्स के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने कहा, "अमेरिका में उम्मीद से बेहतर आर्थिक आंकड़े आने से महंगाई और ब्याज दरों को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस वजह से सोना और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों को लेकर आकर्षण कम हुआ है।" उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया, खासकर इजराइल से जुड़ी हाल की घटनाओं ने भी बाजार में अस्थिरता बढ़ाई है, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी के दाम में गिरावट
आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना करीब 1 प्रतिशत गिरकर 4,291.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1.34 प्रतिशत घटकर 66.93 डॉलर प्रति औंस रही। इस बीच, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 5 प्रतिशत चढ़कर 97.44 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। पीएल वेल्थ के प्रमुख राजकुमार सुब्रमण्यन ने कहा, "अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़ों से ये संकेत मिलता है कि ब्याज दरें अभी लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं। इस धारणा से डॉलर मजबूत हुआ है और निवेश के लिए सोने-चांदी उतने आकर्षक विकल्प नहीं रह गए हैं।"