1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 1 रनवे से शुरू, 4 टर्मिनल और 2036 तक 9 करोड़ यात्री... नवी मुंबई एयरपोर्ट के आने से पूरी तरह बदल जाएगा मुंबई का हवाई नक्शा

1 रनवे से शुरू, 4 टर्मिनल और 2036 तक 9 करोड़ यात्री... नवी मुंबई एयरपोर्ट के आने से पूरी तरह बदल जाएगा मुंबई का हवाई नक्शा

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 05, 2025 06:39 pm IST,  Updated : Oct 05, 2025 06:39 pm IST

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) 8 अक्टूबर का औपचारिक उद्घाटन 8 अक्टूबर को होना है। इसके शुरू होने के बाद मुंबई अब सिर्फ एक रनवे वाले शहरों में नहीं रहेगा और यहां से हवाई सफर और भी आसान व सुविधाजनक हो जाएगा।

Navi Mumbai Airport, Navi Mumbai International Airport,- India TV Hindi
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा का उद्घाटन 8 अक्टूबर को होगा। Image Source : ANI

Navi Mumbai Airport: मुंबई के लोगों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म होने वाला है। दिसंबर 2025 से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (NMIA) आम यात्रियों के लिए खुल जाएगा, जिसका औपचारिक उद्घाटन 8 अक्टूबर को होगा। इस एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद मुंबई वह दुर्लभ शहर नहीं रहेगा, जो केवल एक हवाई अड्डे और एक रनवे के सहारे दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले शहरों में शामिल था। इस खामोशी भरे रिकॉर्ड में अब बदलाव आने वाला है।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (NMIAL) द्वारा विकसित इस हवाईअड्डे का क्षेत्रफल पनवेल में 1160 हेक्टेयर में फैला है। शुरुआत में यहां एक ही रनवे और 20 मिलियन (2 करोड़) यात्रियों को संभालने की क्षमता वाला टर्मिनल होगा। हालांकि, अगले दशक में यह विस्तार करेगा और दो समानांतर रनवे तथा चार टर्मिनल के साथ 2036 तक सालाना 90 मिलियन यानी 9 करोड़ यात्रियों की क्षमता तक पहुंच जाएगा।

मुंबई एयरपोर्ट कितने यात्रियों को संभालता है?

वर्तमान में मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (CSMIA) लगभग 55 मिलियन (5.5 करोड़) यात्रियों को संभालता है, लेकिन बढ़ने की क्षमता सीमित है। यहां दो रनवे हैं, लेकिन उनका इंटरसेक्शन ऑपरेशन्स को केवल एक रनवे तक सीमित कर देता है। पिक समय में हवाई अड्डा 24 घंटे में 1000 से ज्यादा उड़ानें संचालित करता है, जो इसकी डिजाइन क्षमता से कहीं ज्यादा है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, 2030 तक दोनों एयरपोर्ट मिलकर 5-6 करोड़ यात्रियों को संभालेंगे, लेकिन लंबे समय में नवी मुंबई हवाईअड्डा CSMIA को पीछे छोड़ते हुए मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन का प्रमुख गेटवे बन जाएगा।

मुंबई का हवाई नक्शा बदलने वाला

दिल्ली की तुलना में मॉडल अलग होगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) जेवर में दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (IGI) की मदद करेगा और उसका काम पूरा नहीं लेगा, जबकि मुंबई में नया एयरपोर्ट धीरे-धीरे पुराने एयरपोर्ट की जगह ले लेगा। नोएडा एयरपोर्ट के फेज वन में 1 रनवे और 1.2 करोड़ यात्रियों की क्षमता होगी, जो पूरी तरह तैयार होने पर 7 करोड़ यात्रियों तक बढ़ जाएगी। एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि 2035–2040 तक भारत के सबसे व्यस्त हवाईअड्डे दिल्ली-IGI (100 मिलियन), नवी मुंबई (90 मिलियन) और नोएडा-जेवर (70 मिलियन) होंगे। नवी मुंबई एयरपोर्ट खुलने के बाद मुंबई के हवाई मार्ग पूरी तरह बदल जाएंगे और शहर में हवाई यात्रा के तरीके में नया बदलाव आएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा