1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. टाटा मोटर्स कमर्शियल का शानदार डेब्यू, पहले ही दिन दिखा जबरदस्त जोश; इस प्राइस पर लिस्ट हुआ शेयर

टाटा मोटर्स कमर्शियल का शानदार डेब्यू, पहले ही दिन दिखा जबरदस्त जोश; इस प्राइस पर लिस्ट हुआ शेयर

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Nov 12, 2025 10:38 am IST,  Updated : Nov 12, 2025 10:38 am IST

भारतीय शेयर बाजार में आज टाटा ग्रुप की ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल आर्म (TMCV) ने जबरदस्त एंट्री की। निवेशकों के चेहरों पर मुस्कान साफ झलक रही है क्योंकि कंपनी के शेयर ने लिस्टिंग के साथ ही तगड़ा रिटर्न दिया है।

टाटा मोटर्स कमर्शियल...- India TV Hindi
टाटा मोटर्स कमर्शियल ने बाजार में की धमाकेदार एंट्री Image Source : OFFICIAL WEBSITE

शेयर बाजार में बुधवार को टाटा ग्रुप की ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स की कमर्शियल व्हीकल यूनिट (TMCV) ने एक अलग पहचान के साथ शानदार एंट्री की। निवेशकों के चेहरे खिले हुए नजर आए, क्योंकि TMCV के शेयरों की लिस्टिंग कीमत 27-28 प्रतिशत तक प्रीमियम पर हुई। एनएसई पर यह शेयर 335 रुपये और बीएसई पर 330.25 रुपये पर लिस्ट हुआ, जबकि इसका डिमर्जर वैल्यू लगभग 270 रुपये प्रति शेयर तय की गई थी।

शानदार लिस्टिंग से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल बिजनेस की अलग लिस्टिंग लंबे समय के लिए निवेशकों के लिए वैल्यू अनलॉक करने वाला कदम साबित हो सकता है। कंपनी का उद्देश्य तेजी से बढ़ते पैसेंजर और ईवी बिजनेस को स्थिर, कैश जनरेटिंग कमर्शियल व्हीकल यूनिट से अलग करना था, ताकि निवेशक दोनों सेगमेंट को उनकी अपनी ताकत के आधार पर आंक सकें।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाजार में TMCV की लिस्टिंग 310-320 रुपये के आसपास होने की उम्मीद थी, लेकिन इससे भी ऊपर के स्तर पर शुरुआत ने इन्वेस्टर्स में उत्साह बढ़ा दिया। SAMCO Securities के रिसर्च एनालिस्ट जहोल प्रजापति ने कहा कि इस लिस्टिंग से कंपनी पर लगा कांग्लोमरेट डिस्काउंट हट गया है और अब निवेशक भारत के कमर्शियल व्हीकल अपसाइकिल पर सीधे दांव लगा सकते हैं।

ट्रेड-टू-ट्रेड सेगमेंट में रहेगा शेयर

टाटा मोटर्स कमर्शियल (TMCV) को T ग्रुप या ट्रेड-टू-ट्रेड सेगमेंट में रखा गया है। इसका मतलब है कि इसमें इंट्राडे की अनुमति नहीं होगी। पहले 10 ट्रेडिंग सेशंस तक इसमें 5 प्रतिशत का सर्किट लिमिट लागू रहेगा यानी शेयर एक दिन में अधिकतम 5% तक ही ऊपर या नीचे जा सकेगा।

कंपनी की डिमर्जर डिटेल्स

टाटा मोटर्स के डिमर्जर के बाद अब दो अलग-अलग कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) और टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स (TMCV) बन गई हैं।डिमर्जर रेशियो 1:1 रखा गया है, यानी हर टाटा मोटर्स शेयर पर निवेशकों को TMPV और TMCV के एक-एक शेयर मिलेंगे। इस तरह निवेशकों की हिस्सेदारी में कोई कमी नहीं आई है।

आगे की संभावनाएं

SBI Securities के मुताबिक, TMCV का शेयर आगे 320 से 470 रुपये के दायरे में ट्रेड कर सकता है। कंपनी को लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की रिकवरी से मजबूत सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा