1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. चंद्रगहण के बाद सोने की कीमतों में आया उछाल, सकारात्मक वैश्विक संकेतों से चांदी में भी आई मजबूती

चंद्रगहण के बाद सोने की कीमतों में आया उछाल, सकारात्मक वैश्विक संकेतों से चांदी में भी आई मजबूती

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 28, 2018 04:55 pm IST,  Updated : Jul 28, 2018 04:55 pm IST

चंद्रगहण के बाद सकारात्मक वैश्विक संकेतों तथा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग निकलने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 40 रुपए मजबूत होकर 30,780 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

Gold Price- India TV Hindi
Gold Price

नई दिल्ली चंद्रगहण के बाद सकारात्मक वैश्विक संकेतों तथा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग निकलने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 40 रुपए मजबूत होकर 30,780 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का निर्माताओं की बढ़ी मांग से चांदी भी 25 रुपए की बढ़त लेकर 39,225 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी।

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका की आर्थिक वृद्धि के मजबूत आंकड़े आने के बाद डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिका एवं यूरोप के बीच व्यापारिक तनाव की आशंकाएं बरकरार रहने से वैश्विक स्तर पर सोना मजबूत हुआ।

न्यूयॉर्क में कल सोना 0.07 प्रतिशत मजबूत होकर 1,223.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा। चांदी भी 0.75 प्रतिशत चढ़कर 15.47 डॉलर प्रति औंस पर रही।

इनके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण निर्माताओं की मांग आने से सोने की तेजी को समर्थन मिला। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 40-40 रुपए मजबूत होकर क्रमश: 30,780 रुपए और 30,630 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले दिन यह 190 रुपए लुढ़क गया था।

हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,700 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही। चांदी हाजिर 25 रुपए की मामूली बढ़त के बाद 39,225 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 130 रुपए की बढ़त लेकर 38,325 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी सिक्का पुराने स्तर पर ही टिका रहा। सिक्का लिवाल 74 हजार रुपए और सिक्का बिकवाल 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा