1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: वैश्विक संकेतों से सोना हुआ 130 रुपए मजबूत, चांदी में आई गिरावट

Gold rate today: वैश्विक संकेतों से सोना हुआ 130 रुपए मजबूत, चांदी में आई गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 21, 2018 03:21 pm IST,  Updated : Jul 21, 2018 04:26 pm IST

सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय कारोबारियों की मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमत लगातार तीसरे दिन बढ़ी और 130 रुपए की तेजी के साथ 30,970 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

gold rate - India TV Hindi
gold rate Image Source : GOLD RATE

नई दिल्‍ली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय कारोबारियों की मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमत लगातार तीसरे दिन बढ़ी और 130 रुपए की तेजी के साथ 30,970 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। हालांकि औद्योगिक इकाइयों की मांग नरम पड़ने से चांदी 645 रुपए लुढ़ककर 39,255 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मजबूत होते डॉलर तथा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सतत ब्याज दर वृद्धि की आलोचना करने के बाद वैश्विक बाजारों में सोना एक साल के निचले स्तर से उठने में कामयाब रहा। इससे बाजार धारणा मजबूत हुई। 

वैश्विक स्तर पर कल न्यूयॉर्क में सोना 0.75 प्रतिशत तेज होकर 1,231.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 1.47 प्रतिशत उछलकर 15.51 डॉलर प्रति औंस पर रही। कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय कारोबारियों की सतत खरीद ने भी सोने को बल दिया। 

स्थानीय बाजार में 99.9 प्रतिशत तथा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 130-130 रुपए की मजबूती के साथ क्रमश: 30,970 रुपए और 30,820 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। पिछले दो दिनों में यह 40 रुपए मजबूत हुआ था। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,700 रुपए पर टिकी रही। 

चांदी हाजिर 645 रुपए गिरकर 39,255 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। हालांकि साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 315 रुपए की तेजी के साथ 38,455 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी के सिक्कों में भी तेजी रही। सिक्का लिवाल और सिक्का बिकवाल एक-एक हजार रुपए चढ़कर क्रमश: 75 हजार रुपए एवं 76 रुपए प्रति सैकड़ा रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा