1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: छिटपुट लिवाली से सोना 25 रुपए सुधरा, चांदी 50 रुपए टूटी

Gold rate today: छिटपुट लिवाली से सोना 25 रुपए सुधरा, चांदी 50 रुपए टूटी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 19, 2018 04:06 pm IST,  Updated : Jul 19, 2018 04:06 pm IST

स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की छिटपुट लिवाली से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 25 रुपए सुधरकर 30,825 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं में गिरावट आई।

gold rate today- India TV Hindi
gold rate today Image Source : GOLD RATE TODAY

नई दिल्ली। स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की छिटपुट लिवाली से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 25 रुपए सुधरकर 30,825 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं में गिरावट आई। चांदी बिकवाली के दबाव में रही। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग घटने से यह 50 रुपए और टूटकर 39,150 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू बाजार में सीमित मांग से सोने की कीमतों में सुधार हुआ। हालांकि, वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से यह लाभ सीमित रहा। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.64 प्रतिशत के नुकसान से 1,219.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी 1.48 प्रतिशत के नुकसान से 15.20 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 25-25 रुपए की बढ़त के साथ क्रमश: 30,825 रुपए और 30,675 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। पिछले दो दिन में सोना 350 रुपए टूटा है। सीमित सौदों के बीच गिन्नी के प्रति इकाई का भाव हालांकि 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर कायम रहा।

वहीं दूसरी ओर चांदी हाजिर 50 रुपए के नुकसान से 39,150 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक डिलीवरी वाली चांदी 25 रुपए के सुधार के साथ 38,305 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा तथा बिकवाल 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा