1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: 425 रुपए उछलकर सोना निकला 33,000 रुपए के पार, चांदी की चमक भी बढ़ी

Gold rate today: 425 रुपए उछलकर सोना निकला 33,000 रुपए के पार, चांदी की चमक भी बढ़ी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 08, 2019 03:56 pm IST,  Updated : Apr 08, 2019 03:56 pm IST

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना बढ़त के साथ 1,298.30 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। चांदी भी बढ़त के साथ 15.23 डॉलर प्रति औंस पर थी।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्ली। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच आभूषण विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 425 रुपए की जोरदार तेजी के साथ 33,215 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से चांदी भी 170 रुपए की बढ़त के साथ 38,670 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। 

कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख तथा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से पीली धातु की कीमतों में तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय स्‍तर पर न्यूयॉर्क में सोना बढ़त के साथ 1,298.30 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। चांदी भी बढ़त के साथ 15.23 डॉलर प्रति औंस पर थी। 

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 425-425 रुपए की बढ़त के साथ क्रमश: 33,215 रुपए और 33,045 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। शनिवार को सोना 32,790 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। आठ ग्राम की गिन्नी के दाम 26,400 रुपये प्रति इकाई पर कायम रहे। 

चांदी हाजिर 170 रुपए की बढ़त के साथ 38,670 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलिवरी 594 रुपए के लाभ के साथ 37,753 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का लिवाल 80,000 रुपए और बिकवाल 81,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा