1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: ज्‍वेलर्स की खरीदारी से बढ़ी सोने की कीमत, चांदी में आई और गिरावट

Gold rate today: ज्‍वेलर्स की खरीदारी से बढ़ी सोने की कीमत, चांदी में आई और गिरावट

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Mar 17, 2018 04:39 pm IST,  Updated : Mar 17, 2018 04:39 pm IST

लगातार दो दिन की गिरावट के बाद आज सोने में सुधार देखने को मिला। स्थानीय आभूषण कारोबारियों की छिटपुट लिवाली से सर्राफा बाजार में सोने का भाव 40 रुपए सुधरकर 31,290 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया।

bullion market- India TV Hindi
bullion market

नई दिल्‍ली। लगातार दो दिन की गिरावट के बाद आज सोने में सुधार देखने को मिला। स्थानीय आभूषण कारोबारियों की छिटपुट लिवाली से सर्राफा बाजार में सोने 

का भाव 40 रुपए सुधरकर 31,290 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। हालांकि, कमजोर वैश्विक रुख के बीच औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव घटने से चांदी 150 रुपए फिसलकर 39,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

कारोबारियों का कहना है कि स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मामूली लिवाली से हाजिर बाजार में सोने के दाम में सुधार देखा गया। हालांकि, विदेशी बाजार में कीमती धातु की कमजोरी ने इस तेजी को सीमित किया। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में कल सोना 0.16 प्रतिशत गिरकर 1,313.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.21 प्रतिशत टूटकर 16.33 डॉलर प्रति औंस रही। 

दिल्ली में, 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 40-40 रुपए बढ़कर क्रमश: 31,290 रुपए और 31,140 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। पिछले दो कारोबारी सत्र में सोना 265 रुपए गिरा था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही। 

वहीं दूसरी तरफ चांदी हाजिर 150 रुपए गिरकर 39,100 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी वाली चांदी का भाव 190 रुपए गिरकर 38,370 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गया। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 73,000 रुपए और 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा