1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: एक माह के निचले स्‍तर पर आया सोना, आज भाव में आई 200 रुपए की गिरावट

Gold rate today: एक माह के निचले स्‍तर पर आया सोना, आज भाव में आई 200 रुपए की गिरावट

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Mar 16, 2018 04:43 pm IST,  Updated : Mar 16, 2018 04:43 pm IST

वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख व स्थानीय आभूषण निर्माताओं की मांग की नरमी के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 200 रुपए और टूटकर 31,250 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया।

gold- India TV Hindi
gold

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख व स्थानीय आभूषण निर्माताओं की मांग की नरमी के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 200 रुपए और टूटकर 31,250 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। यह पिछले एक माह का सबसे निचला स्तर है। चांदी का भाव भी 150 रुपए गिरकर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया।  

कारोबारियों के अनुसार हाजिर बाजार में स्थानीय खुदरा विक्रेताओं और आभूषण निर्माताओं की कमजोर मांग से सोने का भाव गिरा है। इसके अलावा विदेशी बाजारों में भी कमजोर रुख से कीमतों पर दबाव देखा गया, क्योंकि निवेशकों को अगले हफ्ते होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक का इंतजार है एवं डॉलर के मजबूत होने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग भी घटी है। 

वैश्विक बाजार में न्यूयॉर्क में सोना 0.64 प्रतिशत टूटकर 1,315.70 डॉलर प्रति औंस रहा। चांदी 0.85 प्रतिशत गिरकर 16.37 डॉलर प्रति औंस रही। दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव में 200-200 रुपए की गिरावट देखी गई। यह क्रमश: 31,250 रुपए और 31,100 रुपए प्रति दस ग्राम रहे। कल सोने के भाव में 65 रुपए गिरावट आई थी। हालांकि गिन्‍नी का भाव 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा।  

चांदी तैयार के भाव में भी 150 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। यह 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर हुई। साप्ताहिक आधार पर डिलीवरी वाली चांदी का भाव भी 210 रुपए टूटकर 38,560 रुपए प्रति किलोग्राम रहा। चांदी सिक्कों का भाव भी 1,000 रुपए प्रति सैकड़ा के हिसाब से गिर गया। यह प्रति सैकड़ा 73,000 रुपए लिवाली और 74,000 रुपए बिकवाली पर बंद हुआ।   

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा