1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: कमजोर वैश्विक संकेतों और सीमित घरेलू मांग से सोना 250 रुपए टूटा

Gold Rate Today: कमजोर वैश्विक संकेतों और सीमित घरेलू मांग से सोना 250 रुपए टूटा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 23, 2019 06:38 pm IST,  Updated : Jul 23, 2019 06:38 pm IST

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक डॉलर के मजबूत होने से वैकल्पिक निवेश के रूप में सोने की मांग घटने से विदेशी बाजारों में इसके भाव में गिरावटी रही।

Gold falls Rs 250 on muted demand, weak global cues- India TV Hindi
Gold falls Rs 250 on muted demand, weak global cues Image Source : GOLD FALLS RS 250 ON MUTE

नई दिल्ली। बीते दिन सर्वकालिक उच्च स्तर को छूने के बाद मंगलवार को कमजोर वैश्विक संकेतों और घरेलू मांग में गिरावट के चलते सोने का भाव 250 रुपए टूट गया। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना भाव 35,720 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ। इसी तरह औद्योगिक इकाइयों और सिक्का ढलावों के अपना उठाव घटाने से चांदी भाव में भी 10 रुपए की मामूली कमी देखी गई और यह 41,950 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक डॉलर के मजबूत होने से वैकल्पिक निवेश के रूप में सोने की मांग घटने से विदेशी बाजारों में इसके भाव में गिरावटी रही। इसके चलते कारोबारी रुख में भी सुस्ती देखी गई। इसके अलावा स्थानीय जौहरियों की मांग कम रहने से भी सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना भाव 1,418.20 डॉलर और चांदी भाव 16.47 डॉलर प्रति औंस रहा। 

एचडीएफसी सिक्युरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि अमेरिका के ऋण सीमा समझौते और यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) की बैठक से पहले डॉलर सूचकांक के मजबूत होने से सोने की कीमतों कमी देखी गई।  

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 250-250 रुपए टूटकर क्रमश: 35,720 रुपए और 35,550 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। सोने की आठ ग्राम वजनी गिन्नी का भाव भी प्रति इकाई 100 रुपए गिरकर 27,400 रुपए हो गया। सोमवार को सोना 35,970 रुपए प्रति दस ग्राम की सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गया था। 

चांदी हाजिर का भाव 10 रुपए गिरकर 41,950 रुपए और साप्ताहिक डिलीवरी वाली चांदी का भाव 38 रुपए घटकर 41,035 रुपए प्रति किलोग्राम रहा। चांदी सिक्कों का प्रत्येक सैकड़ा लिवाली भाव 84,000 रुपए और बिकवाली भाव 85,000 रुपए पर बना रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा