1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: ज्‍वैलर्स की मांग से सोने में तेजी जारी, 10 रुपए और बढ़ा भाव

Gold Rate Today: ज्‍वैलर्स की मांग से सोने में तेजी जारी, 10 रुपए और बढ़ा भाव

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 18, 2018 03:56 pm IST,  Updated : Sep 18, 2018 03:56 pm IST

विदेशों में कमजोर रुख के बावजूद मंगलवार को दिल्‍ली सर्राफा बाजार में स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की लगातार मांग की वजह से सोना 10 रुपए मजबूत होकर 31,610 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्‍ली। विदेशों में कमजोर रुख के बावजूद मंगलवार को दिल्‍ली सर्राफा बाजार में स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की लगातार मांग की वजह से सोना 10 रुपए मजबूत होकर 31,610 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की ओर से उठान बढ़ने से चांदी का भाव भी 20 रुपए बढ़कर 37,700 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि घरेलू हाजिर बाजार में त्‍योहारी मांग को पूरा करने के लिए स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की बढ़ी हुई खरीदारी की वजह से सोने की कीमतों को बल मिला है, लेकिन कमजोर वैश्विक रुख ने इस तेजी को सीमित करने का काम किया है।

अमेरिका द्वारा 200 अरब डॉलर की चीनी वस्‍तुओं के आयात पर नया शुल्‍क लगाए जाने के बाद व्‍यापार युद्ध और बढ़ने की आशंका के बीच डॉलर और मजबूत हो गया, जिसकी वजह से अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर सिंगापुर में सोना 0.38 प्रतिशत गिरकर 1196.50 डॉलर प्रति औंस रहा और चांदी भी 0.53 प्रतिशत गिरकर 14.09 डॉलर प्रति औंस रह गई।  

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 10-10 रुपए बढ़कर क्रमश: 31,610 रुपए और 31,460 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पहले सोमवार को सोने के भाव में 180 रुपए की तेजी आई थी। हालांकि, गिन्‍नी का भाव 24,500 रुपए प्रति 8 ग्राम पर ही स्थिर बना रहा।

सोने की तरह हाजिर चांदी भी आज 20 रुपए बढ़कर 37,700 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव भी 110 रुपए बढ़कर 37,305 रुपए प्रति किलोग्राम बोला गया। चांदी सिक्‍कों का भाव 72,000 रुपए खरीद और 73,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा