1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: शादी-विवाह की खरीदारी से सोने में आई तेजी, तीन माह के उच्‍चतम स्‍तर 30,950 रुपए प्रति दस ग्राम हुआ भाव

Gold Rate Today: शादी-विवाह की खरीदारी से सोने में आई तेजी, तीन माह के उच्‍चतम स्‍तर 30,950 रुपए प्रति दस ग्राम हुआ भाव

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jan 15, 2018 04:54 pm IST,  Updated : Jan 15, 2018 04:54 pm IST
gold rate today- India TV Hindi
gold rate today

नई दिल्‍ली। मजबूत वैश्विक रुख तथा स्थानीय आभूषण विक्रेताओं एवं फुटकर कारोबारियों की शादी-विवाह के मौसम की लिवाली बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने का भाव 200 रुपए उछलकर तीन माह के उच्चतम स्तर 30,950 रुपए प्रति दस ग्राम को छू गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी की कीमत भी 300 रुपए बढ़कर 40,900 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। 

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि प्रमुख वैश्विक मुद्राओं की तुलना में डॉलर के तीन वर्ष के निम्न स्तर को छूने के कारण सोना सितंबर के बाद के उच्चतम स्तर को छू गया, जिससे सर्राफा मांग मजबूत हो गई और इससे कारोबारी धारणा पर अनुकूल असर हुआ। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में आज सोना 0.42 प्रतिशत चढ़कर 1,343 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी 0.90 प्रतिशत मजबूत होकर 17.36 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।  उन्होंने कहा कि इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में शादी विवाह के मौसम की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की लिवाली तेज होने से भी तेजी को समर्थन प्राप्त हुआ। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत तथा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200-200 रुपए बढ़कर क्रमश: 30,950 रुपए तथा 30,800 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले तीन कारोबारी सत्र में सोने का भाव 275 रुपए बढ़ चुका है। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 50 रुपए की तेजी के साथ 24,750 रुपए प्रति इकाई हो गई। 

इसी तरह चांदी तैयार की कीमत 300 रुपए बढ़कर 42,200 रुपए प्रति किलोग्राम तथा साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 460 रुपए मजबूत होकर 39,580 रुपए प्रति किलो हो गई। चांदी सिक्का क्रमश: लिवाल 74 हजार रुपए व बिकवाल 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित बने रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा