1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: 110 रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ सोना, चांदी में आई 100 रुपए गिरावट

Gold rate today: 110 रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ सोना, चांदी में आई 100 रुपए गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 06, 2018 03:21 pm IST,  Updated : Jul 06, 2018 03:21 pm IST

विदेशों में कमजोर रुख के बावजूद स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की निरंतर खरीदारी की वजह से आज सोना 110 रुपए चढ़कर 31,690 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया।

gold rate today- India TV Hindi
gold rate today Image Source : GOLD RATE TODAY

नई दिल्‍ली। विदेशों में कमजोर रुख के बावजूद स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की निरंतर खरीदारी की वजह से आज सोना 110 रुपए चढ़कर 31,690 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। हालांकि, औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की मांग घटने से चांदी 100 रुपए घटकर 40,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि घरेलू हाजिर बाजार में स्‍थानीय ज्‍वेलर्स द्वारा खरीदारी करने की वजह से सोने की कीमतों में यह तेजी आई है, जबकि विदेशों में कमजोर रुख ने इस तेजी को सीमित किया। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर, सिंगापुर में सोना 0.17 प्रतिशत लुढ़ककर 1255.20 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.16 प्रतिशत टूटकर 16.01 डॉलर प्रति औंस रह गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 110-110 रुपए बढ़ने के बाद क्रमश: 31,690 रुपए और 31,540 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोना 220 रुपए महंगा हुआ है। हालांकि, गिन्‍नी का भाव 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहा।

दूसरी ओर, चांदी हाजिर का भाव आज 100 रुपए गिरकर 40,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया, जबकि साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 680 रुपए बढ़कर 39,880 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। हालांकि चांदी सिक्‍कों का भाव अपने पूर्वस्‍तर पर ही बना रहा और इनका भाव 75,000 रुपए खरीद और 76,000 रुपए बिक्री प्रति सैकड़ा रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा