1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: बजट से पहले सोना हुआ सस्‍ता, 70 रुपए टूटकर भाव हुआ 34,000 रुपए प्रति दस ग्राम

Gold rate today: बजट से पहले सोना हुआ सस्‍ता, 70 रुपए टूटकर भाव हुआ 34,000 रुपए प्रति दस ग्राम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 31, 2019 05:33 pm IST,  Updated : Jan 31, 2019 05:33 pm IST

बाजार सूत्रों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग से सोने की कीमतों पर दबाव रहा लेकिन विदेशों में मजबूती के रुख ने गिरावट को कुछ कम करने में मदद मिली।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्ली। सोने में पिछले दो सत्रों से चली आ रही तेजी थम गई। स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने का भाव 70 रुपए की हानि के साथ 34,000 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार हालांकि औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी 20 रुपए की तेजी के साथ 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। 

बाजार सूत्रों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग से सोने की कीमतों पर दबाव रहा लेकिन विदेशों में मजबूती के रुख ने गिरावट को कुछ कम करने में मदद मिली। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना तेजी के साथ 1,318.86 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी तेजी के साथ 16.02 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर बोली गई। पिछले तीन दिनों में सोने में 770 रुपए की तेजी आई थी। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 70-70 रुपए की हानि के साथ क्रमश: 34,000 रुपए और 33,850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 25,900 रुपये पर स्थिर बना रहा। 

चांदी हाजिर का भाव 20 रुपए चढ़कर 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया, जबकि, चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 44 रुपए घटकर 40,390 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। दूसरी ओर चांदी सिक्कों की कीमत लिवाल और बिकवाल क्रमश: 79 हजार और 80 हजार रुपए प्रति सैकड़ा के पूर्व स्तर पर टिकी रही। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा