1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: वैवाहिक मांग से सोना 90 रुपए हुआ महंगा, 10 ग्राम के लिए चुकाने होंगे अब 33,300 रुपए

Gold rate today: वैवाहिक मांग से सोना 90 रुपए हुआ महंगा, 10 ग्राम के लिए चुकाने होंगे अब 33,300 रुपए

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 25, 2019 03:58 pm IST,  Updated : Jan 25, 2019 03:58 pm IST

बाजार सूत्रों ने कहा कि हाजिर बाजार में शादी-विवाह के लिए आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ने से कीमती धातुओं में तेजी का रुख रहा।

gold price- India TV Hindi
gold price Image Source : GOLD PRICE

नई दिल्ली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच शादी-विवाह की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 90 रुपए बढ़कर 33,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 100 रुपए की तेजी के साथ 40,050 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। 

बाजार सूत्रों ने कहा कि हाजिर बाजार में शादी-विवाह के लिए आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ने से कीमती धातुओं में तेजी का रुख रहा। इसके अलावा विदेशों में मजबूती के रुख से यहां भी सोने की कीमतों की तेजी को समर्थन मिला है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,284.30 डॉलर प्रति औंस जबकि चांदी 0.39 प्रतिशत बढ़कर 15.41 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90-90 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 33,300 रुपए और 33,150 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गुरुवार को सोने में स्थिरता का रुख बना रहा। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 25,500 रुपए पर स्थिर रहा। 

सोने की ही तरह चांदी तैयार का भाव 100 रुपए चढ़कर 40,050 रुपए प्रति किलोग्राम, जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 42 रुपए बढ़कर 39,036 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। दूसरी ओर चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 77 हजार और 78 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर पूर्ववत बोले गए।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा