1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: 38,470 रुपए/10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्‍तर पर पहुंचा सोना, चांदी ने भी किया 44,000 का आंकड़ा पार

Gold Rate Today: 38,470 रुपए/10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्‍तर पर पहुंचा सोना, चांदी ने भी किया 44,000 का आंकड़ा पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 08, 2019 06:11 pm IST,  Updated : Aug 08, 2019 06:11 pm IST

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि छह वर्षों में पहली बार बुधवार को सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत 1,500 डॉलर प्रति औंस के स्तर को लांघ गई।

Gold surges to fresh all-time high of Rs 38,470- India TV Hindi
Gold surges to fresh all-time high of Rs 38,470 Image Source : GOLD SURGES TO FRESH ALL-

नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना गुरुवार को 550 रुपए के उछाल के साथ 38,000 रुपए के पार 38,470 रुपए प्रति 10 ग्राम के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर सोने की ओर झुक रहे हैं। घरेलू आर्थिक चिंताओं के बढ़ने से भी भारतीय निवेशकों का सोने के प्रति आकर्षण बढ़ा हुआ है।

औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने के कारण चांदी भी 630 रुपए के उछाल के साथ 44,000 रुपए के ऊपर 44,300 रुपए प्रति किलोग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गई। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि छह वर्षों में पहली बार बुधवार को सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत 1,500 डॉलर प्रति औंस के स्तर को लांघ गई। इस मजबूत वैश्विक रुख का कारण, अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार तनावों की वजह से निवेशकों का सर्राफा बाजार की ओर झुकना है। इसके अलावा घरेलू आर्थिक मंदी के संबंध में चिंताओं को लेकर भी बहुमूल्य धातुओं की मांग में तेजी आई है।

वर्ष 2019-20 के अपने द्वैमासिक मौद्रिक समीक्षा बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास अनुमान को घटाकर 6.9 प्रतिशत कर दिया है, जबकि जून में यह अनुमान सात प्रतिशत रखा गया था। इस नरमी का कारण मांग और निवेश में सुस्ती होना है।

जियोजित फाइनेंशल सर्विसेज के (कमोडिटी रिसर्च) प्रमुख, हरीश वी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,500 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब है, जो वर्ष 2013 के बाद का उच्चतम स्तर है। आर्थिक परिदृश्य की धुंधलाहट बढ़ने तथा अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध बढ़ने की स्थिति के बीच दुनिया भर में केंद्रीय बैंकों द्वारा मौद्रिक नीत में नरमी का रुख अपनाया जा रहा है। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से सर्राफा मांग बढी है।

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोने का भाव मामूली नरमी के साथ 1,497.20 डॉलर प्रति औंस था, जबकि चांदी का भाव 17.16 डॉलर प्रति औंस था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ (एआईएसए) के अनुसार, गुरुवार को 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 550-550 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 38,470 रुपए और 38,470 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। बुधवार को सोने के भाव में 1,113 रुपए की तेजी आई थी। गिन्नी का भाव भी 700 रुपउ बढ़कर 28,500 रुपए प्रति आठ ग्राम हो गया।

चांदी तैयार 630 रुपए बढ़कर 44,300 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी का भाव 745 रुपए बढ़कर 43,730 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी के सिक्कों की अच्छी मांग रही और इसका भाव 1,000 रुपए की तेजी के साथ लिवाल 87,000 रुपए और बिकवाल 88,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर बंद हुई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा